आरा के भोजपुर में फिल्मी स्टाइल में हत्या की वारदात को दिया अंजाम…

भोजपुर जिले के कृष्णागढ़ थाना क्षेत्र के सरैया बाजार पर रविवार की सुबह हथियारबंद अपराधियों ने पश्चिमी गुंडी पंचायत के वर्तमान मुखिया पति सह प्रॉपर्टी डीलर महेंद्र यादव की गोली मारकर हत्या कर दी। दिनदहाड़े इस वारदात के बाद गांव और आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों का आक्रोश भड़क उठा। जिसके बाद आरा-सिन्हा मुख्य मार्ग पर सरैया बाजार को मृतक के परिजन एवं आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को सड़क के बीचो-बीच रख सड़क जाम कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही मुफ्फसिल थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह, डीआईयू इंस्पेक्टर शंभू कुमार भगत,बड़हरा थाना इंचार्ज जयंत प्रकाश,कृष्णागढ़ थाना इंचार्ज विवेक कुमार सहित काफी पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंच लोगों को समझाने बुझाने में जुट गए हैं। 

बीच बाजार में मुखिया पति की हत्या
महेंद्र पेशे से व्यवसाई थे और सरैया बाजार में सरिया एवं गिट्टी का दुकान चलाते थे।  मृतक के पुत्र अंकुश कुमार ने बताया कि गांव में ही केस हुआ था। जिसका पंचायती करने के लिए रविवार की सुबह आपने बुलेट से कृष्णागढ़ थाना गए थे। जब वह पंचायती कर वापस बुलेट से घर लौट रहे थे। उसी दौरान सरैया बाजार पर ही हथियारबंद अपराधियों द्वारा ताबड़तोड़ उन पर गोलियां बरसा दी गई। जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

इसके बाद स्थानीय लोगों के द्वारा उसे सूचना मिली कि उसके पिता की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। सूचना पाकर वह घटनास्थल पर पहुंचा। वहीं दूसरी ओर मृतक के पुत्र अंकुश कुमार ने पश्चिमी गुंडी पंचायत के पूर्व मुखिया पति अंशु उपाध्याय,धनजी यादव,सभापति जादव सहित अन्य लोगों पर पूर्व में झूठा केस करने और पिछले साल होली में उसकी मां को गोली मारने एवं रविवार की सुबह अपने पिता की गोली मारकर हत्या करने का आरोप लगाया है। 

सीसीटीवी में कैद हत्यारे
जानकारी के अनुसार जब मुखिया पति अपने बुलेट से थाना से निकल कर वापस घर लौट रहे थे। तभी पैदल चलकर आए हथियारबंद अपराधियों ने पहले ताबडतोड उन्हें गोली मारी। गोली लगते ही वह बुलेट से गिर पड़े। इसके बाद अपराधी कुछ दूर जाने के बाद दुबारा वापस लौटे और उनके सिर में गोली मार दी। जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। ये पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई है। जिसमें दो हत्यारे हथियार लिए दिख रहे हैं।

Back to top button