एलजी बनाम दिल्ली सरकार की लड़ाई में आप सरकार को बड़ी मिली राहत…

एलजी बनाम दिल्ली सरकार की लड़ाई में आम आदमी पार्टी (आप) सरकार को बड़ी राहत मिली है। सुप्रीम कोर्ट ने साफ कर दिया है कि पब्लिक ऑर्डर, लैंड और पुलिस को छोड़कर अन्य सभी विभागों के अफसरों पर दिल्ली सरकार का नियंत्रण होगा। सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले से आप सरकार गदगद है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी सुप्रीम कोर्ट को शुक्रिया कहते हुए इसे जनतंत्र की जीत बताया है। उन्होंने कहा है कि इस फैसले से दिल्ली का विकास तेजी से होगा। नए अधिकार मिलते ही केजरीवाल ऐक्शन मोड में आ गए हैं और उन्होंने मंत्रियों की बैठक बुलाई है।

अरविंद केजरीवाल ने कोर्ट के फैसले के बाद ट्विटर पर लिखा, ‘दिल्ली के लोगों के साथ न्याय करने के लिए माननीय सुप्रीम कोर्ट का तहे दिल से शुक्रिया। इस निर्णय से दिल्ली के विकास की गति कई गुना बढ़ेगी। जनतंत्र की जीत हुई।’ कोर्ट के फैसले के बाद मुख्यमंत्री ने आज ही सचिवालय में मंत्रियों की बैठक बुलाई है। माना जा रहा है कि सुपीम कोर्ट से मिले अधिकार के बाद सरकार कुछ अहम फैसले ले सकती है।
सुप्रीम कोर्ट के फैसले के तुरंत बाद आम आदमी पार्टी के आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर इसे दिल्ली सरकार की जीत बताया गया। ट्वीट में लिखा गया, सत्यमेव जयते, दिल्ली सरकार की सुप्रीमो कोर्ट में बड़ी जीत। चुनी हुई सरकार के पास अधिकारियों की ट्रांसफर-पोस्टिंग की शक्ति होगी। अधिकारी निर्वाचित सरकार के माध्यम से ही काम करेंगे। दिल्ली की जनता के काम रोकने के लिए केंद्र द्वारा भेजे पैराशूट एलजी का अफसरों पर कोई नियंत्रण नहीं होगा।’
दिल्ली सरकार की मंत्री आतिशी ने सुप्रीम कोर्ट के फैसले को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि अब कामकाज में कोई अड़ंगा नहीं लगा पाएगा। उन्होंने कहा, ‘सत्यमेव जयते! सालों की लड़ाई के बाद, सुप्रीम कोर्ट ने अरविंद केजरीवाल सरकार को उसका हक दिलवाया है। दिल्ली की जनता के काम में अब कोई अड़ंगा नहीं लगा पाएगा। ये ऐतिहासिक निर्णय दिल्ली की जनता की जीत है। अब दिल्ली दुगनी गति से तरक्की करेगी। सबको बधाई!’ आप के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा, ‘लंबे संघर्ष के बाद जीत। अरविंद केजरीवाल जी के जज्बे को नमन। दिल्ली की दो करोड़ जनता को बधाई। सत्यमेव जयते।’ आप के प्रवक्ता और मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा, ‘मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने 8 साल तक दिल्ली की जनता की लड़ाई अदालत में लड़ी। और आज जनता जीत गई।’