80 साल की उम्र में भी पद पर बने हुए है जो बाइडेन, इस पर अमेरिकी उठा रहे ये सवाल

अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन रविवार को 80 बरस के हो गए। इसके साथ ही उनके साथ एक रिकॉर्ड भी जुड़ गया है। वह अमेरिकी इतिहास के पहले ऐसे राष्ट्रपति हैं, जो 80 साल की उम्र में भी पद पर बने हुए हैं। शनिवार को वाइट हाउस में पोती की शादी के जश्न के साथ ही उन्होंने अपने जन्मदिन का भी जश्न मनाया है। यह आयोजन उनकी वाइफ जिल की ओर से आयोजित किया गया था। बाइडेन 80 साल के हो चुके हैं और वह 2024 में एक बार फिर से राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार बन सकते हैं। इस तरह अमेरिका के नाम एक और रिकॉर्ड जुड़ सकता है। अब तक रोनाल्ड रीगन 77 साल की उम्र में रिटायर होने वाले सबसे बुजुर्ग राष्ट्रपति थे। 

वहीं जो बाइडेन यदि 2024 में फिर से चुने जाते हैं तो रिटायरमेंट के वक्त तक उनकी उम्र 86 साल हो जाएगी। यही नहीं डोनाल्ड ट्रंप यदि 2024 में जीतते हैं तो रिटायरमेंट तक उनकी उम्र भी 82 साल हो जाएगी। इस बीच अमेरिका में एक ऐसा तबका भी है, जो बुजुर्ग नेताओं को लेकर सवाल पूछ रहा है। रॉयटर्स के एक सर्वे के मुताबिक 68 फीसदी लोगों को लगता है कि जो बाइडेन अब 2024 में चुनावी चुनौती का सामना करने के लिए सक्षम नहीं हैं। 71 फीसदी डेमोक्रेट्स को लगता है कि जो बाइडेन मानसिक रूप से सक्षम हैं और जरूरी काम निपटा सकते हैं। वहीं 46 फीसदी लोगों का मानना है कि वह 2024 के चुनाव में उतरने योग्य नहीं हैं। 

राष्ट्रपति के लिए 75 साल की उम्र फिक्स करने की मांग

यही नहीं डोनाल्ड ट्रंप की रिपब्लिक पार्टी के भी 26 फीसदी लोगों का मानना है कि उनकी उम्र 2024 में चुनाव में उतरने लायक नहीं होगी। राजनीतिक दलों से परे 68 फीसदी आम लोगों का मानना है कि आज से दो साल बाद जो बाइडेन मुकाबले में उतरने के लिए फिट नहीं होंगे। 49 फीसदी लोगों ने ट्रंप को लेकर भी यही राय रखी है। यही नहीं 86 फीसदी अमेरिकियों का तो यहां तक कहना है कि राष्ट्रपति रहने के लिए 75 साल तक की उम्र तय की जानी चाहिए। 

अमेरिका में तेजी से बढ़ती जा रही है बुजुर्गों की आबादी

दरअसल अमेरिका में बुजुर्गों की आबादी तेजी से बढ़ रही है। ऐसे में लोगों की वर्किंग एज में भी इजाफा हो रहा है। अमेरिका में 2018 में 65 साल से अधिक लोगों की आयु 52 मिलियन थी, जो 2060 में बढ़कर 95 मिलियन हो जाएगी। यही नहीं अगले 4 साल बाद यानी 2026 में ही अमेरिका की आबादी में हर 4 में से 1 शख्स की आबादी 65 साल से अधिक होगी। यही नहीं इसमें से बड़ी आबादी वर्किंग भी है। जो बाइडेन कई बार बोलते हुए किसी विषय़ को भूल जाने या फिर प्लेन में चढ़ते हुए लड़खड़ाने के चलते ट्रोल हो चुके हैं। 

Back to top button