पंजाब में बड़ी वारदात, निहंग सिंह ने  RPF मुलाजिम पर तलवार से किया हमला…

शनिवार रात करीब 8.30 बजे निहंगों ने रेलवे सुरक्षा बल (आर.पी.एफ.) के एक कर्मचारी पर कृपाणों से कातिलाना हमला कर दिया। हमले में आर.पी.एफ. कर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल कर्मचारी का नाम गुरप्रीत सिंह बताया जा रहा है, जिसे तुरंत इलाज के लिए करतारपुर के सिविल अस्पताल में ले जाया गया।

जानकारी के मुताबिक करतारपुर में पड़ते रेलवे फाटक (सी- 55) पर आर.पी.एफ. कर्मी गुरप्रीत सिंह ड्यूटी पर तैनात था। मालगाड़ी की शंटिंग होने के कारण गेटमैन फाटक को बंद कर रहा था। इतने में एक गाड़ी आई जिसमें 7 से 8 निहंग सवार थे। उन्होंने तेजी से निकलने का प्रयास किया। इसी दौरान गाड़ी आरपीएफ कर्मी से टकराने से बच गई।
 जब आर.पी.एफ. के गुरप्रीत सिंह ने उन्हें ध्यान से गाड़ी चलाने को कहा तो निहंग भड़क गए और उससे बहस करने लगे। इतने में एक निहंग ने तलवार से उस पर हमला कर दिया। देखते ही देखते बाकी निहंग भी गुरप्रीत सिंह पर टूट पड़े। हमले के बाद सभी निहंग गाड़ी में सवार होकर फरार हो गए।

घटना की सूचना जालंधर आर.पी.एफ. के पोस्ट इंचार्ज राजेश कुमार और ए.एस.आई. नीरज कुमार को मिली तो वे तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और गुरप्रीत को सिविल अस्पताल दाखिल कराया। जानकारी के मुताबिक उसने निहंगों की गाड़ी का नंबर नोट कर लिया था। समाचार लिखे जाने तक गुरप्रीत सिंह का अस्पताल में इलाज चल रहा था। एम.एल.आर. कटने और घायल के बयान लेने के बाद पुलिस द्वारा अगली कार्रवाई की जाएगी।

Back to top button