मोतिहारी में दो पक्षों के बीच विवाद को सुलझाने गई पुलिस पर लोगों ने हमला कर दिया..

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार लोगों को गिरफ्तार किया है। वहीं एक महिला फरार है। पुलिस उसकी तलाश में छापामारी कर रही है।

 बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के बंजरिया थाना क्षेत्र के चैलाहा में राष्ट्रीय उच्च पथ के पास दो पक्षों में चल रहे विवाद को सुलझाने गई पुलिस टीम पर रविवार की रात एक पक्ष के लोगों ने हमला कर दिया। 

हमले में एक जवान को चोट आई है। हालांकि, वह अभी खतरे से बाहर हैं। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए चार हमलावरों को गिरफ्तार किया है। वहीं, अन्य आरोपितों की खोज में छापामारी की जा रही है।

पहले से तनावपूर्ण था माहौल

बताया गया है कि बंजरिया थाना क्षेत्र के शंकर ढाबा के पास रविवार की रात दो पक्षों के बीच विवाद हो रहा था। विवाद होटल संचालक सुशांत कुमार और उसकी पड़ोसन सबीना खातून व उसके स्वजनों से हो रहा था। दोनों तरफ से स्थिति पहले से तनावपूर्ण बनी हुई थी।

इस बीच रात्रि गश्त पर निकले प्रशिक्षु दारोगा किशन कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम हंगामे की सूचना पाकर मौके पर पहुंची। दोनों पक्ष के लोगों को नियंत्रित किया और सभी को थाने चलने को कहा। इसी बीच सबीना खातून और उसके स्वजन नाराज हो गए और पुलिस पर हमला बोल दिया।

हालात बिगड़ता देख बुलानी पड़ी अतिरिक्त पुलिस बल

महिला और उसके रिश्तेदार पुलिस के जवानों के साथ धक्का-मुक्की करने लगे। हाथापाई में एक जवान घायल हो गया। स्थिति को अनियंत्रित होता देख गश्ती टीम ने थानाध्यक्ष को सूचना दी। सूचना पाकर अतिरिक्त पुलिस बल के साथ पहुंचे थानाध्यक्ष ने स्थिति को काबू में किया। इस दौरान चार लोग पकड़े गए। सभी सबीना खातून के परिवार के बताए गए हैं।

फरार महिला की तलाश कर रही पुलिस 

हालांकि, सबीना की गिरफ्तारी नहीं हुई है। बताया गया है कि घटना के बाद से वह फरार चल रही है। थानाध्यक्ष संदीप कुमार ने बताया कि पकड़े गए लोगों से पूछताछ की जा रही है। पूछताछ व आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के बाद सभी न्यायिक हिरासत में भेजे जाएंगे।

Back to top button