
भारत के उत्तर और प्रायद्विपीय क्षेत्रों में अच्छी बारिश के आसार हैं। इस बात की जानकारी भारतीय मौसम विभाग ने दी है। IMD ने सोमवार को बताया कि 5 अगस्त तक खासतौर से केरल और कर्नाटक मानसून की चाल तेज हो सकती है। वहीं, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की संभावनाएं हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तराखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 1 और 2 अगस्त के दौरान भारी बारिश और बादल गरजने की संभावना है। वहीं, इस दौरान, बिहार, झारखंड और गंगीय पश्चिम बंगाल में भी अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा हो सकती है। साथ ही सोमवार को पूर्वोत्तर राज्य अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में भी अति भारी बारिश के आसार हैं।
साथ ही ओडिशा, उप हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी, करईकल, केरल और माहे में 5 अगस्त तक व्यापक बारिश हो सकती है। जबकि, तेलंगाना में 3-5 अगस्त, तटीय और उत्तरी आंतरिक कर्नाटक और लक्षद्वीप में 2-5 अगस्त तक अति भारी बारिश की संभावनाएं हैं।
राजधानी दिल्ली का मौसम समझें
खबर है कि सोमावार को दिल्ली में न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। इसके अलावा एयर क्वालिटी के मामले में भी दिल्ली के लिए राहत की खबर है।
झारखंड में नौ साल में सबसे कम बारिश
भाषा के अनुसार, झारखंड में इस बार मानसून ऋतु के पहले दो महीनों के दौरान पिछले नौ साल की तुलना में सबसे कम बारिश हुई है। इस वजह से राज्य सूखे जैसी स्थिति में पहुंच रहा है। स्थिति की गंभीरता पर विचार करते हुए झारखंड विधानसभा की कार्य मंत्रणा समिति ने इस मामले पर सोमवार को विशेष चर्चा आयोजित करने का फैसला किया है।