फतेहाबाद में दर्दनाक हादसा ट्रैक्टर-ट्राली व पिकअप गाड़ी की आमने-सामने की भिड़ंत में चालक की मौत..

फतेहाबाद में बुधवार को दर्दनाक हादसा हुआ। हिसार रोड पर राजवाड़े के निकट पराली से भरी ट्रैक्टर-ट्राली व पिकअप गाड़ी की आमने-सामने की भिड़ंत में पिकअप चालक की मौत हो गई। मृतक चालक की पहचान हिसार शहर के क्वार्टर रोड निवासी 70 वर्षीय सुभाष चंद्र पुत्र रामचंद्र के रूप में की गई है।

घटना की सूचना मिलते ही भूना पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और मृतक चालक की सहायक हिसार निवासी अंकुश पुत्र सुदर्शन की शिकायत के आधार पर ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच कार्रवाई शुरू कर दी है।
आमने-सामने से हुई टक्कर
पुलिस को दी शिकायत में अंकुश ने बताया है कि वह पिकअप गाड़ी में सवार होकर हिसार से लुधियाना जा रहा था। पिकअप गाड़ी को सुभाष चला रहा था। जैसे ही उनकी पिकअप गाड़ी भूना के हिसार रोड पर रजवाड़े के निकट पहुंची तो सामने से आ रही पराली से भरी ट्रैक्टर ट्राली से उनकी भिड़ंत हो गई।
डॉक्टरों ने चालक को किया मृत घोषित
इस भिड़ंत में पिकअप का अगला हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। पिकअप चालक सुभाष चंद्र को गहरी चोटें आई। जिसे एंबुलेंस के द्वारा उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भूना में लाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया । पुलिस ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच कार्रवाई शुरू कर दी है।
दुकान का ताला तोड़कर चुराया सामान
गांव बोदीवाली में किरयाणा की दुकान का ताला तोड़ कर हजारों रुपयों का सामान चोरी कर लिया। पुलिस को दी शिकायत में ईश्वर सिंह ने बताया कि शनिवार को दुकान को हर रोज की तरह बंद करके खेत में बनी ढाणी में सोने के लिए चला गया। रविवार सुबह आकर देखा तो दुकान का ताला टूटा हुआ मिला। दुकान से एक कट्टा लगभग 30 किलोग्राम गेहूं, एक कट्टा लगभग 35 किलोग्राम सरसो, वाइ-फाइ राउटर अज्ञात चोर चोरी करके ले गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।





