दिल्ली-एनसीआर में कहीं हुई ओलावृष्टि तो कहीं बरसे मेघ

मौसमी बदलाव के बाद शुक्रवार शाम दिल्ली के कुछ इलाकों में हल्की बारिश ने गर्मी से मामूली राहत दिलाई। हालांकि, दोपहर में तेज धूप के कारण अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री अधिक दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने शनिवार के लिए भी यलो अलर्ट जारी किया है। कुछ इलाकों में बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हुई।

प्रादेशिक मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक शुक्रवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 37.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से पांच डिग्री अधिक रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 20.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो यह सामान्य से दो डिग्री अधिक है। दिन के समय उत्तर व उत्तर-पूर्व दिशा से हल्की हवाएं चलीं। शनिवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। दिन में हल्की बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। इस दौरान अधिकतम तापमान 36 डिग्री व न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने के आसार हैं।

फरीदाबाद में मौसम का अचानक बदला मिजाज
देर शाम हुई हल्की बारिश के शहर के लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली। वहीं, शहर के कुछ हिस्सों में तेज और मध्यम बारिश हुई। कई जगहों पर ओले भी गिरने की संभावना जताई गई। शनिवार को भी बारिश की संभावना है। अधिकतम तापमान में दो डिग्री की गिरावट दर्ज की जाएगी। मौसम विभाग के अनुसार शहर का अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं शाम होते ही मौसम का मिजाज बदल गया, लोगों को गर्मी से राहत मिलने के आसार हैं।

Back to top button