नौकरानी को बंधक बनाने के मामले में भाजपा नेता सीमा पात्रा को पुलिस ने किए गिरफ्तार

8 साल से नौकरानी को प्रताड़ित करने वाली रिटायर्ड IAS की पत्नी और निलंबित भाजपा नेता सीमा पात्रा को रांची पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पात्रा गिरफ्तारी के डर से फरार होने की कोशिश में थी, उससे पहले अरगोडा पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पिछले दो दिनों से पुलिस उनकी तलाश कर रही थी। आज उन्हें कोर्ट में पेश किया जाएगा।

29 साल की एक आदिवासी दिव्यांग लड़की को रिटायर्ड IAS महेश्वर पात्रा की पत्नी ने घर में काम करने के बहाने उसे 8 साल तक कैद करके रखा था। पीड़ित का नाम सुनीता है। उसने बताया कि उसे भरपेट खाना नहीं दिया जाता था। रॉड से पीटा जाता था और गर्म तवे से जलाया जाता था। फिलहाल उसे कैद से छुड़ाकर रांची रिम्स में भर्ती कराया गया है।

राज्यपाल बैस नाराज
राज्यपाल रमेश बैस ने सीमा पात्रा मामले पर संज्ञान लेते हुए अपनी नाराजगी जताई है। पुलिस की शिथिलता पर भी अपनी गंभीर चिंता जताते हुए राज्य के पुलिस महानिदेशक से पूछा है कि अब तक पुलिस ने दोषी के खिलाफ कोई कार्रवाई क्यों नहीं की है।

घर जाने को कहती तो मारते थे मालिक
पात्रा दंपती रांची के VIP इलाके अशोक नगर में रहते हैं। पीड़ित सुनीता ने बताया कि वह गुमला की रहने वाली है। सीमा पात्रा के दो बच्चे हैं। बेटी की दिल्ली में जॉब लगी तो वह 10 साल पहले घर में काम करने दिल्ली गई। 6 साल पहले वह रांची वापस आ गई। उसे शुरू से ही प्रताड़ित किया जा रहा था। वो काम छोड़ना चाहती थी, लेकिन 8 साल से घर में बंधक बनाकर रखा गया था। घर जाने के लिए कहती तो बुरी तरह मारा-पीटा जाता था। बीमार होने पर इलाज भी नहीं कराया जाता था।

Back to top button