बिहार में मझौलिया स्टेशन के पास टला बड़ा हादसा, पढ़े पूरी ख़बर

बिहार के बेतिया में मझौलिया स्टेशन के पास बड़ा हादसा होने से टल गया। सत्याग्रह एक्सप्रेस ट्रेन के पांच डिब्बे इंजन से अलग हो गए, जिसके बाद यात्रियों में हड़कंप मच गया। हालांकि इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। नरकटियागंज-मुजफ्फरपुर रेलखंड पर मझौलिया-बेतिया रेलवे स्टेशन के बीच महोद्दीपुर रेल गुमटी के पास 15273 सत्याग्रह एक्सप्रेस ईंजन कई बोगी छोड़कर चली गई। बोगियां बिना इंजन के पटरी पर दौड़ने लगी।

बिना इंजन पटरी पर दौड़ी 5 बोगियां                                                                                      15273 सत्याग्रह एक्सप्रेस ईंजन और कुछ बोगी लेकर चल गई, जिसके बाद पांच बोगियां बगैर ईंजन के रेल पटरी पर दौड़ने लगी। हालांकि, बोगियों को लेकर ईंजन अभी 100 मीटर आगे बढ़ी थी कि चालक को इसकी जानकारी लग गई। चालक ने आपातकाल ब्रेक लगाकर ईंजन समेत चार बोगियों को रोका। उसके बाद फिर से सभी बोगियों को जोड़कर ट्रेन का परिचालन शुरू किया गया। इस दौरान करीब 15 मिनट तक ट्रेन रेल फाटक के समीप खड़ी रही। मामले को लेकर यात्रियों ने हंगामा भी किया।

कपलिंग टूटने से हादसा                                                                                                        बताया जाता है कि बोगियों को कनेक्ट करने के लिए लगाए गए कपलिंग के अचानक टूट जाने के कारण यह हादसा हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पूर्व मध्य रेलवे के अधिकारी पहुंच गए। घटनास्थल का निरीक्षण किया। रक्सौल-आनंद बिहार सत्याग्रह एक्सप्रेस रक्सौल से निर्धारित समय पर खुली थी। गुरुवार सुबह करीब नौ बजे के आसपास महोद्दीपुर रेल गुमटी के पास पहुंची थी। ट्रेन में सवार यात्री राकेश कुमार ने बताया कि मझौलिया से ट्रेन खुली थी, तो रूक-रूक कर हिचकोले खा रही थी लेकिन चालक ने ध्यान नहीं दिया। महोद्दीपुर गुमटी पर पहुंचते हीं जोर का झटका लगा और ईंजन समेत चार बोगी लेकर पायलट चला गया। जबकि 18 बोगियां ट्रैक पर यूं ही रेंगने लगी।

Back to top button