राजधानी समेत बिहार में कई जगहों हुई बारिश से मौसम सुहाना हो गया और लोगों को गर्मी से राहत मिली..

वहीं शुक्रवार को भी आंधी-पानी को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। समस्तीपुर में गुरुवार को 9.6 मिमी बारिश दर्ज की गई प्रदेश में बारिश होने से मौसम सुहाना हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को भी प्रदेश में मेघ गर्जन, बिजली चमकने के साथ आंधी-पानी के आसार हैं। इसको लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार, एक ट्रफ लाइन पश्चिम उत्तरप्रदेश से मध्य उत्तरप्रदेश, दक्षिण बिहार, झारखंड, गांगेय पश्चिम बंगाल होते हुए दक्षिण बांग्लादेश तक फैला हुआ है। इनके प्रभाव से प्रदेश में मेघ गर्जन, बिजली चमकने के साथ आंधी-पानी की संभावना है।
राजधानी समेत अन्य बांका, सबौर, दरभंगा, छपरा, मोतिहारी, जिरादेई, वाल्मीकि नगर को छोड़ पटना समेत प्रदेश के सभी जिलों के अधिकतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई। 40.3 डिग्री सेल्सियस के साथ औरंगाबाद में प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। पटना का अधिकतम तापमान 0.8 डिग्री की वृद्धि के साथ 38.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
राजधानी में 1.0 मिमी बारिश दर्ज की गई। प्रदेश के समस्तीपुर में 9.6 मिमी वर्षा, मोहनिया में 6.2 मिमी, दरभंगा के हायाघाट में तीन मिमी, नवादा के हिसुआ में 2.2 मिमी, नवादा के नरहट में 1.4 मिमी, मधेपुरा के सिंहेश्वर में 1.4 मिमी, सुपौल के राघोपुर में 1.2 मिमी, बांका में 0.5 मिमी एवं अररिया में 0.5 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
पटना और इसके आसपास के अलावा प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश के कारण लोगों को गर्मी से राहत मिली है। पटना में दोपहर बाद हल्की वर्षा होने के साथ आंशिक बादल छाए रहे।
नालंदा, बांका सहित इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट
वहीं, प्रदेश के नालंदा, बांका, बक्सर, खगड़िया, मुंगेर, अररिया, बेगूसराय, सुपौल, भागलपुर में आंधी-पानी को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान आमतौर पर किसान भाइयों को सलाह दी गई है कि फसलों व पशुधन की रक्षा करें।
शहरों के तापमान में आई गिरावट
बीते 24 घंटों के दौरान छपरा के अधिकतम तापमान में 0.2 डिग्री, जिरादेई में दो डिग्री, मोतिहारी में 1.2 डिग्री, वाल्मीकि नगर में 3.1 डिग्री, बांका में 0.3 डिग्री, सबौर में 0.5 डिग्री, दरभंगा में 2.4 डिग्री सेल्सियस की कमी आई है।
प्रमुख शहरों का तापमान
- पटना-37.9
- गया-40.2
- औरंगाबाद-40.3
- भागलपुर-36.6
- मुजफ्फरपुर-33.0
- भोजपुर-38.6
- नालंदा-36.9
- शेखपुरा-38.9
- बेगूसराय-34.5
- सबौर-34.5
- बांका-34.9
- कटिहार-34.3
- पूर्णिया-35.2
- अररिया-34.5
- सुपौल-33.2
(अधिकतम तापमान डिग्री सेल्सियस में)
वज्रपात से शेखपुरा, जहानाबाद और नवादा में चार की मौत
तेज आंधी-पानी के बीच वज्रपात की चपेट में आने से शेखपुरा जिले के शेखोपुरसराय थाना क्षेत्र के छेमा गांव और सदर प्रखंड के सिरारी थाना क्षेत्र के अकौना गांव में दो किसानों की मौत हो गई।
दोनों किसान मवेशी चराने के दौरान आकाशीय बिजली की चपेट में आ गए। मृतकों की पहचान छेमा गांव निवासी राजेंद्र सिंह (65) व अकौना निवासी गोरे लाल यादव (65) के रूप में की गई है।
इधर, नवादा जिले के काशीचक थाना क्षेत्र के भट्टा गांव में गुरुवार की दोपहर वर्षा के दौरान वज्रपात से एक बालिका की मौत हो गई। मृत लड़की भट्टा गांव निवासी जयराम पासवान की ग्यारह वर्षीय पुत्री अंजली कुमारी बताई गई है।
वह बकरी को घर लाने के लिए खेत में गई थी। वहीं, जहानाबाद के परसबिगहा थाना क्षेत्र के डीहुरी गांव में वज्रपात से अनिल बिंद नामक युवक की जान चली गई। वह शौच के लिए खेत की तरफ गया था।