एक्शन में सीएम योगी, डीएम सहित 21 आईएएस अफसरों की तबादला लिस्ट जारी

उत्तर प्रदेश में अधिकारियों के तबादले का दौर जारी है। सीएम योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर कल जहां नौ जिलों के डीएम सहित 21 आईएएस अफसरों की तबादला लिस्ट जारी हुई थी वहीं आज 69 डीएसपी अफसरों का ट्रांसफर हो गया। शासन के सूत्रों का कहना है कि प्रदेश की कानून और प्रशासनिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए आने वाले दिनों में कुछ और तबादले हो सकते हैं।
इन अधिकारियों का हुआ तबादला
अयोध्या में निरीक्षक/पुलिस उपाधीक्षक अनिल कुमार सचान को कानपुर साइबर क्राइम थाने पर तैनात किया गया है। लखनऊ सहकारिता प्रकोष्ठ में तैनात रहीं मीनाक्षी शर्मा को मेरठ मण्डलाधिकारी पद पर भेजा गया है। रीता शुक्ला को सहकारिता प्रकोष्ठ लखनऊ (मेरठ क्षेत्र) से सहायक सेनानायक 6वीं वाहिनी पीएसी मेरठ भेजा गया है। उत्तर प्रदेश अभिसूचना विभाग लखनऊ में तैनात महेश त्यागी को बरेली सेक्टर की सीबीसीआईडी उपाधीक्षक पद पर भेजा गया है। इसी तरह डीएसपी रैंक के कुल 69 अधिकारियों का तबादला किया गया है।
कल हुआ था 21 आईएएस अफसरों का तबादला
सीएम योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को बड़े पैमाने पर प्रशासनिक फेरबदल करते हुए नौ जिलों के जिलाधिकारी समेत 21 आईएएस अफसरों के तबादले कर दिए थे। लखनऊ, गोरखपुर, कानपुर नगर, बलिया, अलीगढ़, बस्ती, जालौन, इटावा, फिरोजाबाद के जिलाधिकारियों के तबादले हुए। लखनऊ, इटावा और अलीगढ़ के डीएम की सचिव पद पर पदोन्नति हो चुकी थी। लखनऊ के डीएम अभिषेक प्रकाश को सचिव औद्योगिक विकास व सीईओ इन्वेस्ट यूपी बनाया गया है। फिरोजाबाद के डीएम सूर्यपाल गंगवार को लखनऊ का नया डीएम बनाया गया है। मुख्यमंत्री के विशेष सचिव विशाख जी को एक बार फिर से कानपुर नगर का डीएम बनाया गया है। चुनाव के दौरान उन्हें कानपुर के डीएम पद से हटा दिया गया था। सौम्या अग्रवाल को डीएम बस्ती से बलिया में डीएम के पद पर भेजा गया है। डीएम बलिया इंद्र विक्रम सिंह को अलीगढ़ का डीएम बनाया गया है। डीएम जालौन प्रियंका निरंजन को बस्ती का डीएम बनाया गया है।





