जंतर-मंतर पर रात भर चले हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई…

दिल्ली के जंतर-मंतर पर रात भर चले हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद गुरुवार की सुबह वहां भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे देश के पहलवानों के साथ बुधवार की देर रात पुलिस की धक्कामुक्की हुई और पहलवानों ने कई आरोप भी पुलिस पर लगाए। रात की कई तस्वीरें सामने आईं जिसमें वहां हो रहे हंगामे को साफ देखा जा सकता है। इसके बाद सुबह की भी तस्वीरें सामने आईं जिनमें पुलिस की भारी तैनाती नजर आई।  पुलिस ने धरना स्थल के पास बैरिकेड लगा रखे थे। बताया जा रहा है कि पहलवानों के प्रदर्शन स्थल पर किसी के आने जाने को अनुमति फिलहाल नहीं दी जा रही है। प्रदर्शन स्थल पर पहलवान अब भी डटे हुए हैं।

भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती को लेकर दिल्ली पुलिस की तरफ से कहा गया है कि सभी जिलों के डीसीपी को कहा गया है कि वो अलर्ट रहे खासकर बॉर्डर इलाकों में। सेंट्रल दिल्ली की तरफ जाने वाली रोड पर खास ध्यान रखा जाए। कई जगहों पर बैरिकेड लगाए गए हैं। पुलिस को इनपुट मिली है कि बड़ी संख्या में लोग पहलवानों के धरनास्थल जंतर-मंतर पर पहुंच सकते हैं, जिसे देखते हुए पुलिस की तरफ से यह तैयारी की गई है।

बताया जा रहा है कि आम आदमी पार्टी के नेता सोमनाथ भारती देर रात पहलवानों के लिए बिस्तर और फोल्डिंग लेकर वहां पहुंचे थे। जिसके बाद धीरे-धीरे यह पूरा हंगामा शुरू हुआ। पुलिस ने कहा कि वहां पर यह सब सामान ले जाने की अनुमति पहले से नहीं ली गई थी इसके बावजूद एक ट्रक के जरिए इन सामानों को वहां पहुंचाने की कोशिश की गई। इस दौरान सोमनाथ भारती समेत कुछ अन्य लोगों को हिरासत में ले लिया गया।

अब सोमनाथ भारती ने एक वीडियो जारी किया है और बताया है कि पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने के बाद वो रात भर कहां थे? सोमनाथ भारती ने बताया कि वो रात भर कापसहेड़ा थाने में रहे। इस वीडियो में सोमनाथ भारती कहते हैं, ‘मैं इस वक्त कापसहेड़ा थाने में हूं और पूरी रात इसी तरह थाने के अंदर मैं बैठा रहा। भाजपा शासित दिल्ली पुलिस ने मुझे सिर्फ इसलिए हिरासत में ले लिया क्योंकि जो महिला पहलवान अपने हक के लिए लड़ाई लड़ रही हैं मैंने उनका साथ दे दिया। एक ऐसा व्यक्ति जिसने उनका शोषण किया वो खुलेआम घूम रहे हैं।

लेकिन दिल्ली पुलिस के पास हिम्मत नहीं है कि उन्हें गिरफ्तार कर सकें। जिन बच्चियों ने देश के लिए मेडल लाया, बारिश की वजह से वहां पर इन बच्चियों के बैठने की जगह खराब हो गई थी। इस वजह से उन्होंने बेड मांगा था। लेकिन वहां बेड क्या पहुंचा, ऐसा लगा कि वहां जंग छिड़ गई। धक्का-मुक्की और गालियां शुरू हो गईंं।’

Back to top button