पंजाब कैबिनेट के इस मंत्री ने दिया अपने पद से इस्तीफा…

 बरनाला से विधायक और पंजाब सरकार में कैबिनेट मंत्री गुरमीत सिंह मीत हेयर ने अपने कैबिनेट पद से इस्तीफा दे दिया है। उनका इस्तीफा स्वीकार भी कर लिया गया है। मीत हेयर के पास खेल और युवा कल्याण विभाग थे, जिसके प्रमुख अब मुख्यमंत्री भगवंत मान खुद होंगे। संगरूर से आम आदमी पार्टी का सांसद चुने जाने के बाद मीत हेयर ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। गौरतलब है कि पंजाब में आम आदमी पार्टी के 3 सांसद चुने गए हैं। गुरमीत सिंह मीत हेयर ने संगरूर से चुनाव लड़ा और पूर्व सांसद सिमरनजीत सिंह मान को हराकर जीत हासिल की।

मीत हेयर के लोकसभा सीट जीतने के बाद यह सीट खाली हो गई है और चुनाव आयोग जल्द ही इस सीट पर उपचुनाव कराएगा। सिर्फ संगरूर ही नहीं, गुरदासपुर के डेरा बाबा नानक से विधायक सुखजिंदर रंधावा, गिद्दड़बाहा से अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग और होशियारपुर से डॉ. राज कुमार चब्बेवाल के संसद में आने के बाद इन विधानसभा क्षेत्रों में उपचुनाव होने हैं, जबकि जालंधर में शीतल अंगुराल के इस्तीफे के बाद अगले महीने चुनाव हो रहे हैं।

 2017 में पहली बार जीता था चुनाव 

गुरुमीत सिंह मीत हेयर का जन्म 1989 में हुआ था। वह बरनाला विधानसभा क्षेत्र से 2 बार विधायक चुने गए हैं। उन्होंने 2017 में पहली बार चुनाव लड़ा था। उस समय वह कांग्रेस नेता केवल सिंह ढिल्लों को हराकर विधानसभा पहुंचे थे। उन्होंने 2022 के विधानसभा चुनाव में बरनाला निर्वाचन क्षेत्र से 50 प्रतिशत वोट हासिल करके जीत हासिल की थी। इसके साथ ही उन्हें सरकार में कैबिनेट मंत्री बनाया गया।

Back to top button