हरियाणा: भेज रहे हैं स्नेह निमंत्रण, मतदाता तुम्हें बुलाने को…

हरियाणा में 25 मई को होने वाले लोकसभा चुनाव में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए मुख्य चुनाव अधिकारी का कार्यालय कोई कसर नहीं छोड़ चाहता। कभी सोशल मीडिया के माध्यम से युवाओं से अपील की जा रही है तो कभी शतायु वोटरों को सम्मानित कर।

इसी कड़ी में अब हरियाणा के चुनाव अधिकारियों ने शादी के निमंत्रण पत्र की तरह एक विशेष कार्ड तैयार कराया है, जिससे मतदाताओं से वोट डालने का अनुरोध किया जाएगा। निमंत्रण पत्र में सबसे ऊपर लोकसभा चुनाव 2024 लिखा है। उसके बाद लिखा है, भेज रहे हैं स्नेह निमंत्रण, मतदाता तुम्हें बुलाने को, 25 मई भूल न जाना, वोट डालने आने को। इन विशेष पत्र को बांटने की जिम्मेदारी बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) की होगी, जो राज्य के 50 लाख परिवारों के घर-घर जाएंगे और उनसे 25 मई को पोलिंग बूथ पर पहुंचने की अपील की जाएगी।

मुख्य चुनाव अधिकारी अनुराग अग्रवाल ने बताया, मतदान शुरू होने से पांच दिन पहले यह कार्ड बंटना शुरू होंगे। इन कार्ड के साथ वोटर स्लिप और एक मार्गदर्शिका होगी, जिसमें चुनाव प्रक्रिया और मतदाता से जुड़ी सभी जानकारियां होगी। यह निमंत्रण पत्र हुबहू शादी के निमंत्रण पत्र की तरह है।

हरियाणा ने अपना यह एक प्रयोग किया है और बूथ लेवल निमंत्रण पत्र देते हुए उनसे मतदान करने की अपील करेंगे। उन्होंने बताया कि हरियाणा का मतदान प्रतिशत राष्ट्रीय औसत से ज्यादा ही रहता है। पिछली बार हरियाणा में 70 फीसदी मतदान हुआ था। इस बार इस लक्ष्य को 75 फीसदी तक लेकर जाना है और यह लक्ष्य तभी संभव होगा, जब लोकतंत्र के महापर्व में सभी की भागीदारी हो।

क्या लिखा है निमंत्रण पत्र में
निमंत्रण पत्र में शादी के कार्ड जैसी भाषा का ही इस्तेमाल किया गया है। इसमें लिखा है, प्रिय मतदाता, भारत निर्वाचन आयोग के द्वारा निर्धारित कार्यक्रम अनुसार लोकसभा चुनाव के मंगल उत्सव की पावन बेला पर मतदान करने हेतु आप सपरिवार सादर आमंत्रित हैं। कार्यक्रम स्थल आपका आपका मतदान केंद्र। स्वागतकर्ता : बूथ लेवल अधिकारी। निवेदक : जिला निर्वाचन अधिकारी। दर्शनाभिलाषी : पीठासीन अधिकारी एवं समस्त मतदान दल सदस्य। कार्ड के पीछे मतदाता मार्गदर्शिका का पूरा ब्योरा है।

Back to top button