हरियाणा रोडवेज के कर्मचारियों की मानी गई सारी शर्तें, खत्म हुई हड़ताल

दिवाली के दिन हुई रोडवेज ड्राइवर की हत्या का मामला आखिरकार दो दिन बाद सुलझ ही गया। परिवहन मंत्री से मुलाकात के बाद सारी शर्तें माने जाने के बाद हरियाणा में रोडवेज की बसें एक बार फिर सुचारू रूप से चलना शुरू हो गईं। उधर अंबाला पुलिस ने भी हत्यारों को गिरफ्तार कर आगामी कार्यवाई शुरू कर दी है।
अंबाला में हुई रोडवेज कर्मचारी की हत्या के बाद कल पूरे हरियाणा में रोडवेज यूनियन की हड़ताल थी। लेकिन देर शाम परिवहन मंत्री मूल चंद शर्मा से परिजनों और रोडवेज कर्मियों की मुलाकात के बाद सरकार द्वारा परिजनों की सभी शर्तें मान ली गईं। जिसके बाद देर शाम 8 बजे से रोडवेज की हड़ताल खुल गई और बसें सुचारू रूप से चलने लगी।
अंबाला में हुई राजबीर की हत्या के बाद परिजनों की सबसे बड़ी मांग आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर थी। अंबाला पुलिस ने इस मामले में आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में अंबाला छावनी के तोखाना के रहने वाले मनीष, धीरज और जतिन को पुलिस ने बीते रोज गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की माने तो आरोपियों ने बस अड्डे में अपनी डस्टर कार खड़ी कर दी थी जिसे लेकर बसों को आने जाने में परेशानी हो रही थी, राजबीर का इसी बात को लेकर इन तीनों से विवाद हो गया था। जिसके बाद इन तीनों आरोपियों ने राजबीर से मारपीट की जिसके कारण राजबीर को चोटें आई औऱ इलाज के दौरान ही राजबीर की मौत हो गई। बहरहाल अंबाला पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ आईपीसी की धारा 186, 332, 353, 302 औऱ 34 आईपीसी के तहत मामला दर्ज कर लिया है।





