हरियाणा : मतदान का संशोधित डाटा जारी, प्रदेश में 64.80 फीसदी मतदान

लोकसभा चुनाव में रविवार शाम राज्य की सभी दस सीटों पर हुए मतदान का नया डाटा अपडेट हुआ है। इसके मुताबिक हरियाणा में कुल मतदान 64.80 फीसदी हुआ है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनुराग अग्रवाल ने शनिवार को लगभग 65 फीसदी मतदान का अनुमान जताया था। साथ ही यह भी कहा था कि डाटा संकलित होने पर आंकड़ों में बदलाव हो सकता है।

रविवार को भी पूरा दिन डाटा अपडेट होता रहा। यह आंकड़ा रविवार रात को अपडेट हुआ। नए आंकड़ों के मुताबिक सबसे ज्यादा मतदान सिरसा लोकसभा क्षेत्र में 69.77 फीसदी दर्ज हुआ है। वहीं, सबसे कम गुरुग्राम लोकसभा क्षेत्र में 62.03 फीसदी मतदान हुआ। इसके साथ महिला व पुरुषों के भी आंकड़े जारी हो गए हैं।

इसके अनुसार 54 फीसदी पुरुषों ने मतदान किया, जबकि 46 फीसदी महिलाओं ने मतदान किया। वहीं, 476 ट्रांसजेंडरों में से सिर्फ 85 ने मतदान किया। पिछले चुनाव के मुकाबले करीब 5.54 फीसदी की कमी रही। 2019 के चुनाव में में 70.34 फीसदी मतदान हुआ था।

आधी आबादी 50 फीसदी भी नहीं डाल पाई वोट
महिलाओं ने इस बार मतदान में निराश किया है। किसी भी लोकसभा क्षेत्र में महिलाओं ने 50 फीसदी मतदान नहीं किया है। नए डाटा के मुताबिक अंबाला में 46.17 फीसदी, कुरुक्षेत्र में 47 फीसदी, सिरसा में 46 फीसदी, हिसार में 45.52 फीसदी, करनाल में 46.18 फीसदी, सोनीपत में 45.54 फीसदी, रोहतक में 46.11 फीसदी, भिवानी-महेंद्रगढ़ में 46.47 फीसदी, गुरुग्राम में 46.21 फीसदी और फरीदाबाद में 44.62 फीसदी महिलाओं ने मतदान किया।

कहां कितना हुआ मतदान

अंबाला 67.34 फीसदी
कुरुक्षेत्र 67.01 फीसदी
सिरसा 69.77 फीसदी
हिसार 65.27 फीसदी
करनाल 63.74 फीसदी
सोनीपत 63.44 फीसदी
रोहतक 65.68 फीसदी
भिवानी-महेंद्रगढ़ 65.39 फीसदी
गुरुग्राम 62.03 फीसदी
फरीदाबाद 60.52 फीसदी
कुल 64.80 फीसदी

Back to top button