हरियाणा: घर से निकलने से पहले पढ़ लें ये खबर

चंडीगढ़ : आज अगर आप रोडवेज बसों से कहीं बाहर जाने की तैयारी में हैं तो जरा संभल जाएं। क्योंकि हरियाणा रोडवेज कर्मचारियों ने बसों के चक्का जाम का ऐलान किया है। मांगों को लेकर रोडवेज कर्मचारी हड़ताल पर चले गए हैं। कर्मचारी सुबह से बस अड्डे पर प्रदर्शन कर रहे हैं। बसों का चक्का जाम होने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सुबह दिल्ली, चंडीगढ़ और हिमाचल के रूट पर बसें नहीं गई।
कर्मचारी साझा मोर्चा के आह्वान पर न्याय संहिता बिल के विरोध में स्टेज कैरिज स्कीम के परमिट रद्द करने समेत 30 सूत्रीय मांगों को लेकर 24 दिसंबर को रोडवेज कर्मचारियों ने करनाल में मुख्यमंत्री कैंप का घेराव किया गया था। उस समय 10 जनवरी से पहले साझा मोर्चा के साथ बैठक करवाने का आश्वासन मंत्री द्वारा दिया गया था लेकिन अभी तक उनके साथ बैठक नहीं हो पाई है। ऐसे में कर्मचारियों में भारी रोष है, 24 जनवरी को चक्का जाम का ऐलान किया गया था।
उधर राज्य परिवहन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि हड़ताल किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। राज्य के सभी GM को निर्देश दिए गए हैं कि वह हड़ताल को देखते हुए उचित कदम उठाएं। इसके लिए अतिरिक्त बसों की व्यवस्था भी रखें। किसी भी यात्री को परेशानी नहीं आनी चाहिए। इसके बाद कई रोडवेज के GM ने संबंधित जिलों के DC को लेटर लिखकर ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त कर पुलिस बल तैनात करने की मांग की है, ताकि गाड़ियों को रोकने और टायरों की हवा निकालने की स्थिति में हड़ताली कर्मचारियों को रोका जा सके।
कर्मचारी बोले-सरकार मांगें पूरी नहीं कर रही
रोडवेज कर्मचारियों का कहना है कि वे अपनी मांगों को बार-बार सरकार के समक्ष रख चुके हैं, लेकिन उनकी मांगों को पूरा नहीं किया गया। जिसके कारण उन्होंने एक दिन का चक्का जाम करने का निर्णय लिया। सरकार की वादा खिलाफी के चलते हरियाणा रोडवेज कर्मचारी सांझा मोर्चे के आह्वान पर हड़ताल है।





