हरियाणा: बंगाल की खाड़ी से नम हवाएं पहुंचीं, कई जिलों में बारिश

हरियाणा में बंगाल की खाड़ी से नमी वाली हवाओं के पहुंचने से मंगलवार को कई जिलों में बारिश हुई। मौसम विशेषज्ञ की मानें तो बुधवार को एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिसके असर से 19 जुलाई तक प्रदेश में अच्छी बारिश होने के आसार हैं। उधर, भारतीय मौसम विभाग ने 17 व 18 जुलाई को प्रदेश के कुछ जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट भी जारी किया है।

मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि 15 जुलाई को बंगाल की खाड़ी में एक दबाव का क्षेत्र बना है। इससे वहां की नमी वाली हवाएं प्रदेश में पहुंच रही हैं। नतीजतन बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी हुई है। इसके प्रभाव से मंगलवार को महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, भिवानी, चरखी दादरी, हिसार, सिरसा, फतेहाबाद, जींद, कैथल, पंचकूला, अंबाला व यमुनानगर में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई।

प्रदेश में सामान्य से 35 प्रतिशत बारिश कम
प्रदेश में एक जून से+ 15 जुलाई तक सामान्य से+ 35 प्रतिशत कम बारिश हुई है। इस अवधि में प्रदेश में 80.2 एमएम बारिश हुई है, जबकि सामान्य बारिश 123.3 एमएम है। अभी तक प्रदेश के चार जिलों फतेहाबाद, नूंह, सिरसा व महेंद्रगढ़ में सामान्य या इससे ज्यादा बारिश हुई है, जबकि बाकी 18 जिलों पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, रेवाड़ी, गुरुग्राम, कैथल, जींद, करनाल, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, झज्जर, चरखी दादरी, हिसार, भिवानी, फरीदाबाद व पलवल जिले में सामान्य से+ कम बारिश दर्ज की गई है।


आगे ऐसा रहेगा मौसम

बंगाल की खाड़ी पर 15 जुलाई को एक कम दबाव का क्षेत्र बन चुका है। साथ ही 17 जुलाई को एक पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय होगा। इन सभी के असर से प्रदेश में 17 से 19 जुलाई के बीच मानसून में तेजी आएगी। इसके अलावा 20 जुलाई को बंगाल की खाड़ी में दूसरा कम दबाव का क्षेत्र बनने और 22 जुलाई को नया पश्चिमी विक्षोभ के पहुंचने से 22 से 25 जुलाई के बीच अच्छी बारिश की संभावना रहेगी।

ये हुई बारिश
हिसार-4.0 एमएम
चरखी दादरी-3.0 एमएम
सिरसा-18.5 एमएम
महेंद्रगढ़-58.0 एमएम
जींद-1.0 एमएम

Back to top button