हरियाणा: मिशन 2024 को लेकर BJP की बड़ी बैठक आज

चंडीगढ़ : साल 2024 हरियाणा के लिए महत्वपूर्ण होने जा रहा है। आने वाले साल में लोकसभा चुनाव तो होने ही हैं, साथ में हरियाणा विधानसभा चुनाव भी हैं। इसको लेकर सभी सियासी दल तैयारियों में जुट गए हैं। मिशन 2024 में पिछले चुनावी नतीजों को कैसे बरकरार रखना है उसी को लेकर हरियाणा बीजेपी की आज एक अहम बैठक होने जा रही है।

बताया जा रहा है कि इस बैठक की अगुवाई मुख्यमंत्री मनोहर लाल करेंगे और उनके साथ पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष नायब सैनी भी मौजूद रहेंगे। इसके साथ ही बैठक में सभी कैबिनेट मंत्री, राज्यमंत्री और विधायक भी शामिल होंगे। इतना ही नहीं, बैठक में सभी सांसद और 2019 के चुनाव में पार्टी के विधानसभा में उम्मीदवार रहे नेता, सभी जिला अध्यक्ष और प्रभारी भी मौजूद होंगे। माना जा रहा है कि इस बैठक में केंद्र और प्रदेश सरकार के योजनाओं को लेकर चर्चा होगी और इसके साथ ही 2024 की रणनीति पर भी मंथन होगा।

इन मुद्दों पर होगी चर्चा
इस अहम बैठक में 2024 में होने वाले लोकसभा और विधानसभा चुनावों को लेकर मंथन किया जाएगा। सरकार के खिलाफ विपक्ष किन मुद्दों को लेकर हमलावर है उस पर विचार-विमर्श किया जाएगा। यहीं नहीं प्रमुख कांग्रेस पार्टी किन मुद्दों को लेकर क्या रणनीति अपना रही है इसको लेकर मंथन किया जाएगा। विपक्षी दलों की रणनीति को देखते हुए ही पार्टी और संगठन रणनीति बनाने पर चर्चा करेगा।

Back to top button