हरियाणा : टोहाना में मुख्यमंत्री नायब सैनी की रैली

टोहाना विधानसभा सीट से भाजपा के उम्मीदवार देवेंद्र सिंह बबली के नामांकन समारोह में मुख्यमंत्री नायब सैनी ने शिरकत की। हालांकि, राज्यसभा सदस्य सुभाष बराला अभी तक समारोह में नहीं पहुंचे हैं, जिससे कार्यक्रम में उनकी अनुपस्थिति चर्चा का विषय बन गई है। सूत्रों के अनुसार, सुभाष बराला फिलहाल अपने आवास पर कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर रहे हैं।

गौरतलब है कि जजपा की टिकट पर साल 2019 में विधायक बने देवेंद्र सिंह बबली ने जजपा छोड़ने के बाद कांग्रेस की टिकट मांगी थी। मगर कांग्रेस से उनको ज्यादा तवज्जो नहीं मिली, इसके बाद उन्होंने सोमवार 2 सितंबर को भाजपा का दामन थाम लिया। दो दिन बाद ही भाजपा ने उन्हें टोहाना से उम्मीदवार बना दिया।

सुभाष बराला और देवेंद्र बबली में रहा है 36 का आंकड़ा
टोहाना की राजनीति के दोनों धुरंधर सुभाष बराला और देवेंद्र बबली में अब तक 36 का आंकड़ा रहा है। दोनों दो बार आमने-सामने चुनाव भी लड़ चुके हैं। देवेंद्र सिंह बबली भाजपा की टिकट मिलने के बाद शुक्रवार को सुभाष बराला के आवास पर गए और उनसे करीब आधे घंटे तक चर्चा की। बबली ने नामांकन समारोह में शामिल होने का भी निमंत्रण बराला को दिया। देवेंद्र बबली ने मीडिया से भी कहा कि सुभाष बराला के साथ उनके मनभेद नहीं बल्कि मतभेद थे। जो अब दूर हो चुके हैं। अब दोनों भाजपा की मजबूती के लिए काम करेंगे।

Back to top button