हरियाणा: निकाय चुनाव से पहले बड़ा फेरबदल
हरियाणा में 41 शहरी स्थानीय निकाय संस्थाओं के चुनाव दो चरणों में होंगे। पानीपत नगर निगम को छोड़कर शेष सभी 40 संस्थाओं में 2 मार्च को मतदान होगा।
हरियाणा में निकाय चुनाव से पहले बुधवार को अफसरशाही में बड़ा फेरबदल किया गया। सरकार ने 12 आईएएस समेत 79 अफसरों का ट्रांसफर कर दिया है।
चुनाव की घोषणा होते ही हुए थे निकाय अधिकारियों के तबादले
निकाय चुनाव की घोषणा होते ही मंगलवार को निकाय अधिकारियों के तबादले भी कर दिए गए थे। सिरसा के ईओ अतार सिंह को झज्जर नगर पालिका, झज्जर के ईओ कृष्ण कुमार यादव को मानेसर नगर निगम, मंडी डबवाली के ईओ राजिंदर सोनी को फतेहाबाद, अंबाला सदर के ईओ रविंदर को नरवाना और फतेहाबाद के ईओ सुरेंद्र कुमार का मंडी डबवाली के साथ सिरसा का भी चार्ज दिया गया है। वहीं, कुंडली, थानेसर, रादौर और रतिया के एमई का भी तबादला कर दिया गया है।
हरियाणा में 40 शहरी स्थानीय निकाय संस्थाओं का चुनाव 2 मार्च को होगा। वहीं मतदाता सूची प्रकाशन में देरी के चलते पानीपत निगम के चुनाव 9 मार्च को होंगे। इनमें 7 नगर निगमों, 4 नगर परिषदों और 21 नगर पालिकाओं में आम चुनाव होंगे। 2 नगर निगम में मेयर, 1 नगर परिषद में चेयरमैन, 2 नगर पालिका में चेयरमैन और 3 नगर पालिकाओं में वार्डों में पार्षद पद के लिए उप-चुनाव होंगे। मतदान सुबह 8 बजे से लेकर शाम 6 बजे तक होगा।