हरियाणा : रेवाड़ी, नारनौल और महेंद्रगढ़ पहुंचे अशोक गहलोत

राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा है कि लोकसभा चुनाव में हरियाणा कांग्रेस ने पांच सीटें जीती हैं। इससे साफ है कि भाजपा की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है। अशोक गहलोत रेवाड़ी, नारनौल और महेंद्रगढ़ में कांग्रेस प्रत्याशियों के समर्थन में जनसभाएं करने पहुंचे थे।

अशोक गहलोत ने कहा राजस्थान से अकेले सैनी समाज से विधायक होने के बावजूद कांग्रेस ने तीन बार मुझे सीएम बनाया। भाजपा जाति पाती की राजनीति करती है, जबकि कांग्रेस की सोच ऐसी नहीं है। गहलोत ने कहा, कांग्रेस व इंडिया एलायंस गठबंधन देश में जातिगत जनगणना करना चाहता है।

लेकिन, भाजपा पक्ष में नहीं है। जातिगत जनगणना हो जाए तो उस हिसाब से ही लोगों के लिए सरकारी योजना बनाई जा सकेंगी। कहा, भाजपा जातिगत जनगणना तो क्या सामान्य जनगणना ही नहीं कर पाई है, जो 2021 में होनी थी।

विकास में हरियाणा को पीछे धकेला
अशोक गहलोत ने कहा कि भाजपा ने पिछले दस साल में हरियाणा को विकास के मामले में पीछे धकेल दिया है। कोई भी बड़ी योजना धरातल पर नहीं उतर पाई है। कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों एवं योजनाओं ने हर वर्ग को परेशान कर दिया है। कांग्रेस शासन में धरातल पर काम होता था, लेकिन भाजपा केवल घोषणाएं ही कर रही हैं।

Back to top button