अमेरिका के एक मॉल में बंदूकधारी ने चलाई गोली, 9 लोगोें की मौत व कई घायल

अमेरिका में सार्वजनिक जगहों पर मास शूटिंग के मामले आम हो गए हैं। अब टेक्सास के अलेन इलाके में एक मॉल में एक शख्स ने गोलियां चला दीं।  जानकारी के मुताबिक 9 लोगों की मौत हो गई है। इसके दौरान का वीडियो भी सामने आया है। मॉल में लोग और दुकानदार अपनी जान बचाकर भाग रहे हैं। जानकारी के मुताबिक शनिवार को शाम करीब 3 बजकर 40 मिनट पर यह घटना हुई। यहां मौजूद लोगों ने न्यूज एजेंसी एपी को बताया कि इस गोलीबारी में कई लोग मारे गए हैं। उन्होंने कई बच्चों को भी घायल देखा। इसके अलावा सिक्योरिटी गार्ड और एक पुलिसकर्मी बेहोशी की हालत में  जमीन पर पड़े थे। 

अलेन पुलिस का कहना है कि 9 घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दल्लाज एरिया में मेडिकल सिटी हेल्थकेयर अस्पताल है। पुलिस ने अभी घायलों की स्थिति के बारे में जानकारी नहीं दी है। वहीं मरने वाले लोगों की संख्या की भी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस डिपार्टमेंट की तरफ से फेसबुक पोस्ट में लिखा गया है कि पुलिसकर्मियों ने गश्त के दौरान मॉल में फायरिंग की आवाज सुनी थी। इसके बाद वे तत्काल मौके पर पहुंचे। 

वहीं एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि शूटर को भी ढेर कर दिया गया है। वह अकेला ही फायरिंग कर रहा था। उसके साथ कोई और नहीं था। वहीं फायरिंग के दौरान लोग बाहर की तरफ भाग गए और मॉल के बाहर सैकड़ों लोग इकट्ठा थे। 

डैशकैम वीडियो के मुताबिक एक शख्स मॉल से  बाहर निकलता है और फिर वह फुटपाथ पर भी गोली चलाने लगता है। एक 35 साल के शख्स ने बताया कि उसने हेडफोन लगा रखा था फिर भी उसे स्पष्ट फायरिंग की आवाज सुनाई दी। पास में चप्पल और खून लथपथ लोग पड़े थे। कांच की खिड़कियां टूटी हुई थीं और वहां भी खून के निशान थे। 

Back to top button