GST: जीएसटी ने पूरे किए 8 साल, कलेक्शन के तोड़े सभी रिकॉर्ड

देश की सबसे बड़ी कर सुधार व्यवस्था माने जाने वाले वस्तु एवं सेवा कर यानी जीएसटी ने अपने आठ साल पूरे कर लिए हैं। 1 जुलाई 2017 को लागू हुए जीएसटी ने देश की कर प्रणाली को पूरी तरह बदल दिया है। वहीं वित्त वर्ष 2024-25 में जीएसटी कलेक्शन रिकॉर्ड ₹22.08 लाख करोड़ तक पहुंच गया, जो पिछले साल की तुलना में 9.4 फीसदी ज्यादा है। इस दौरान हर महीने औसतन ₹1.84 लाख करोड़ की वसूली हुई, जो अब तक का सबसे अच्छा प्रदर्शन भी है।
करदाताओं की राय- 85% ने दी सकारात्मक रेटिंग
एक हालिया डेलॉइट सर्वे के अनुसार, 85 प्रतिशत करदाताओं ने जीएसटी को सरल और पारदर्शी व्यवस्था बताया है। पिछले चार वर्षों से टैक्सदाताओं की राय लगातार बेहतर होती जा रही है। बता दें कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जीएसटी को नए भारत के लिए एक ऐतिहासिक कानून बताया था। अब आठ साल बाद इसके परिणाम खुद बयां कर रहे हैं।