गंगा में बोट रैली के जरिए ग्रीन एनर्जी का संदेश

केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी व ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने दिखाई हरी झंडी

सुरेश गांधी

वाराणसी : गंगा के जरिए ग्रीन एनर्जी का संदेश देने के लिए रविवार को सीएनजी बोट रैली का आयोजन किया गया। रैली का शुभारंभ केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप पुरी और ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर की। बोट रैली नमो घाट से रविदास घाट तक गयी, इसके बाद नमो घाट पर समापन किया गया। बोट रैली में सीएनजी युक्त 100 नौकाएं से ज्यादा भाग ली। रैली के दौरान गंगा में राजा चेत सिंह घाट पर लेजर शो का भव्य नजारा देखने को मिला। इस अद्भूत नजारे को हर किसी ने अपने आंखों में कैद की। नमो घाट पर रैली के समापन बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान कलाकारों ने भरत नाट्यम से लेकर शिव तांडव की शानदार प्रस्तुति दी।

बता दें कि नमो घाट पर बना फ्लोटिंग सीएनजी स्टेशन विश्व का पहला स्टेशन है। कार्यक्रम के दौरान जी-20 आयोजन के लिए भी लोगों को जागरूक किया गया। रैली में भाग लेने के लिए नाविकों को फ्री सीएनजी गैस दी गयी। निर्णायक मंडली में कोट्टयम, केरल से छह लोगों को आमंत्रित किया गया था। रैली में शामिल 100 से ज्यादा सीएनजी नावों ने गंगा में 12 किमी की लंबी दूरी लगभग ड़ेढ़ घंटे में तय की. केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी, प्रदेश के ऊर्जा मंत्री सहित अन्य नेता क्रूज पर सवार होकर रैली में शामिल हुए। रविदास घाट से रैली वापस चेतसिंह घाट पर पहुंचे और भव्य लेजर लाइट शो का आनंद लिया।

लेजर शो में भगवान शिव और काशी सहित एनर्जी इंडिया वीक और ग्रीन गंगा का संदेश दिया गया। रंगीन लेजर लाइट्स की मदद से चेत सिंह किला की दीवारों पर काशी की छवि को दिखाया गया। इसके पहले केन्द्रीय मंत्री और अन्य नेताओं ने दशाश्वमेध घाट पर गंगा आरती भी देखी। लेजर शो देखने के बाद केन्द्रीय मंत्री और रैली में शामिल नावें नमो घाट लौटी. घाट पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी अतिथियों ने लुत्फ उठाया। रैली के दौरान गंगा में यात्री नावों का संचालन बंद कर दिया गया है।

Back to top button