पेट दर्द की शिकायत लेकर अस्पताल पहुंचीं दादी, आल्ट्रासाउंड में दिखी खौफनाक चीज

कभी-कभी साधारण सी लगने वाली बीमारी के पीछे कुछ ऐसा छिपा होता है, जिसकी कोई कल्पना भी नहीं कर सकता. ऐसा ही एक मामला सामने आया चीन से, जहां एक 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला पेट दर्द की शिकायत लेकर अस्पताल पहुंची. अस्पताल पहुंच जब उन्होंने जांच कराई, तो डॉक्टर्स के होश उड़ गए. महिला के पेट में एक सेब के आकार की पथरी (gallstone) मौजूद थी, जो लगातार बढ़ती जा रहा थी और बुजुर्ग महिला को काफी दर्द होता था.

बुजुर्ग महिला की पहचान वेई (Wei) के तौर पर की गई है. दो साल पहले वेई को जब दर्द उठा तब उन्हें  पित्त पथरी की समस्या का पता चला था. लेकिन उन्होंने उम्र और पहले से मौजूद पाचन संबंधी दिक्कतों के चलते इलाज न कराने का फैसला लिया. उस समय यह पथरी ज्यादा बड़ी नहीं थी और उन्हें कोई खास तकलीफ भी नहीं हो रही थी.

जब पेट दर्द बढ़ा तो उनका परिवार घबरा गया और उन्हें इलाज के लिए गुइयांग, चीन के स्टोन डिजीज हॉस्पिटल (Stone Disease Hospital) में भर्ती कराया. यहां डॉक्टरों ने जब उनकी जांच की, तो अल्ट्रासाउंड में एक बड़ी डरावनी पथरी दिखी, जिसका आकार एक सेब जितना बड़ा था. इसके बाद डॉक्टर्स ने बिना कोई देरी किए ऑपरेशन करने का फैसला किया. यह पथरी 7 सेंटीमीटर (2.7 इंच) चौड़ी और 125 ग्राम (4.4 औंस) भारी थी. सबसे खास बात यह थी कि डॉक्टर्स ने पथरी को निकाल दिया लेकिन इसके लिए उनके गॉलब्लैडर को हटाने की जरूरत नहीं पड़ी.

आमतौर पर इतनी बड़ी पथरी होने पर गॉलब्लैडर को ही निकालना पड़ता है, लेकिन सर्जरी टीम ने ‘थ्री-मिरर एंडोस्कोपिक टेक्नीक’ (Three-Mirror Endoscopic Technique) का इस्तेमाल करके गॉलब्लैडर को सुरक्षित रखते हुए ही पथरी को निकाला. यह तरीका कम से कम इनवेसिव (minimally invasive) माना जाता है, जिससे मरीज को जल्दी रिकवरी होती है.

अस्पताल के डिप्टी डायरेक्टर झांग झिओयोंग (Zhang Zhiyong) ने कहा, ‘ ये मेरे 20 वर्षों के करियर में यह अब तक की सबसे बड़ी और सबसे भारी पित्त पथरी थी. यह हमारे लिए भी एक चौंकाने वाला मामला था. सबसे खास बात यह है कि हमने मरीज के गॉलब्लैडर को भी बचा लिया.’ साथ ही बुजुर्ग महिला अब बिलकुल ठीक हैं. उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है. डॉक्टरों ने उन्हें डायट और लाइफस्टाइल को लेकर सावधान रहने को कहा है.

Back to top button