शीतलाष्टमी पर सरकारी अवकाश की घोषणा, जारी रहेगी विधानसभा कार्यवाही

राजधानी जयपुर में शुक्रवार को शीतलाष्टमी का अवकाश घोषित किया गया है। कलेक्टर के आदेशानुसार 21 मार्च को सभी स्कूल, कॉलेज और सरकारी दफ्तर बंद रहेंगे। लेकिन विधानसभा की कार्यवाही शुक्रवार को भी चलेगी।

राजधानी जयपुर में 21 मार्च को सरकारी अवकाश घोषित किया गया है। कलेक्टर के आदेशानुसार शुक्रवार को जयपुर के सभी स्कूल, कॉलेज और सरकारी दफ्तर बंद रहेंगे। इसके बाद शनिवार और रविवार को वीकेंड का अवकाश रहेगा। लेकिन राजस्थान में विधानसभा की कार्यवाही शुक्रवार को भी जारी रहेगी। ऐसे में सरकारी दफ्तरों में विधानसभा के काम काज से जुड़े कर्मचारी और अधिकारियों के बड़े वर्ग को अवकाश के दिन भी ऑफिस आना होगा।

गौरतलब है कि जयपुर में शीतलालष्टमी को चाकसू स्थित शील की डूंगरी में शीतलामाता का बड़ा मेला लगता है। इसलिए विशेष रूप से जयपुर में इस दिन सरकारी अवकाश घोषित किया जाता है। शीतला अष्टमी का त्योहार हिंदू धर्म के महत्वपूर्ण त्योहारों में से एक माना जाता है। यह त्योहार होली के बाद चैत्र कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि को मनाया जाता है।

इस दिन बासी भोजन खाने की परंपरा है। इसके लिए अष्टमी से एक दिन पहले ही घर में खाना तैयार करके रखा जाता है। इसके बाद अष्टमी की सुबह शीतलामाता की पूजा के साथ रात को बने खाने का भोग लगाया जाता है। इसके बाद दिन भर बासी खाना ही खाया जाता है।

Back to top button