खुशखबरी: रेलवे अब देगी छुट्टियों और त्योहारों में डिस्काउंट

नई दिल्ली : रेल मंत्रालय फ्लेक्सी फेयर प्रणाली को बदलकर डायनेमिक फेयर प्रणाली लाने पर विचार कर रहा है. इस बारे में रेलमंत्री पीयूष गोयल ने शुक्रवार को राज्यसभा में जानकारी दी. दरअसल रेल मंत्रालय ने फ्लेक्सी फेयर प्रणाली को हाल ही में यात्रियों की संख्या बढ़ाने और राजस्व में बढ़ोतरी के मकसद से शुरू किया था. रेल मंत्री शुक्रवार को शताब्दी और राजधानी एक्सप्रेस के किराये के लिए नई प्रणाली लाने से यात्रियों की संख्या में गिरावट और रेलवे का घाटा बढ़ने से जुड़े एक सवाल का जवाब में दे रहे थे.

सिग्नलिंग सिस्टम को बदलने की जरूरत
सदन में बजट पेश करने के एक दिन बाद ही कई नेताओं ने उनसे रेलवे के बजट और स्कीम को लेकर सवाल पूछे. इसके जवाब में गोयल ने रेलवे के प्लान को बदलने के बारे में बताया. उन्होंने कहा कि रेलवे की क्षमता को बढ़ाने के लिए डायनेमिक फेयर स्कीम और देशभर के सिग्नलिंग सिस्टम को बदलने की जरूरत है. गोयल ने कहा कि फ्लेक्सी फेयर प्रणाली को डायनेमिक फेयर प्रणाली में बदलने के बारे में मंत्रालय को विस्तृत रिपोर्ट मिली है.
अब बैंक मित्र बन कर आप भी कमा सकते हैं पैसे, जानने के लिए पढ़ें पूरी खबर
व्यवहारिक प्रणाली तैयार की जा रही
रेल मंत्री ने कहा कि इसमें समय और मांग के मुताबिक किराया निर्धारण करने की पुख्ता एवं व्यवहारिक प्रणाली तैयार की जा रही है. इसमें टिकट का किराया मांग और उपलब्धता के आधार पर कम और ज्यादा होगा. भाजपा सदस्य रामविचार नेताम ने मौजूदा व्यवस्था में रेलयात्रियों को हवाई यात्रा से अधिक किराया देने के कारण रेलवे को इस अव्यावहारिक प्रणाली के कारण हो रहे नुकसान के मद्देनजर मंत्रालय से पूछा कि क्या फ्लेक्सी फेयर प्रणाली की समीक्षा की जा रही है.
रेलवे को क्षमता बढ़ाने पर जोर देना होगा
इस पर गोयल ने कहा ‘मंत्रालय फ्लेक्सी फेयर प्रणाली की समीक्षा कर इसे पूरी तरह से दुरुस्त करने पर बातचीत कर रह है.’ चर्चा के दौरान कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने पूछा कि बजट में किए गए वादों का खर्चा सरकार उठाएगी या रेलवे, क्योंकि दोनों बजट (आम बजट और रेलवे बजट) अब साथ ही पेश किए जाते हैं. इस पर पीयूष गोयल ने कहा कि रेलवे को अपनी क्षमता बढ़ाने पर भी जोर देना होगा ताकि मुनाफा बढ़ाने के साथ सामाजिक जिम्मेदारियों को भी पूरा किया जा सके.
मुनाफा बढ़ाने को लाई जाती हैं ऐसी स्कीम
एक सवाल के जवाब में रेल मंत्री ने कहा कि रेलवे नुकसान में नहीं है, बल्कि ऐसी स्कीम से रेलवे का मुनाफा बढ़ाने के लिए लाई जाती हैं. रेलमंत्री ने कहा कि पिछले करीब 4 सालों से ट्रेनों का किराया नहीं बढ़ा है जिससे रेल बजट पर दबाव बन रहा है.
क्या है फ्लेक्सी फेयर प्रणाली
फ्लेक्सी फेयर प्रणाली को ट्रेनों में यात्रियों की संख्या बढ़ाने और राजस्व में बढ़ोतरी के मकसद से शुरू किया गया था. इसके तहत यदि आप यात्रा की तिथि के लिए बुकिंग शुरू होने वाले दिन टिकट कराते हैं तो आपको इसके लिए कम पैसे देने होंगे. जैसे-जैसे यात्रा की तिथि नजदीक आती जाएगी, टिकट की कीमत में इजाफा होता जाता है.





