गोंडा: पति ने पत्नी की कराई दूसरी शादी, खुद घराती बनकर आया

एक संगठित गिरोह के सदस्य ने अपने गिरोह के एक सदस्य के साथ मिलकर अपनी पत्नी की मंदिर में दूसरे के साथ शादी कराई। पत्नी को विदा करने के बाद सब लोग चले गए। शादी के सातवें दिन घर वालों ने बहुभुज का कार्यक्रम आयोजित किया। उसी दिन नई नवेली दुल्हन ने परिवार के सदस्यों को नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश कर दिया उसके बाद नगदी और जेवर लेकर चंपत हो गई। पुलिस ने इस मामले में लुटेरी दुल्हन सहित गैंग के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

गोंडा जिले के खरगूपुर थाना क्षेत्र के बैदौरा पांडेय पुरवा के रहने वाले बृजभूषण पांडे की शादी नहीं हो रही थी। उसने पड़ोस के गांव पृथ्वीनाथ मंदिर के रहने वाले जोखु उर्फ पवन से शादी करने के लिए कहा था। जोखू उर्फ पवन जहर खुरान गैंग का लीडर है। उसका अपराधिक इतिहास भी है। जोखू ने लखीमपुर खीरी के थाना कारीपोखर के रहने वाले सुनील उर्फ करोड़ी की पत्नी शिवानी उर्फ गोमती देवी से बीते 17 दिसंबर को पृथ्वी नाथ मंदिर में शादी करवाई। इस शादी समारोह में जोखू दुल्हन शिवानी उसके पति करोड़ी उर्फ सुनील शिवानी का भाई और उसकी सहेली गुड़िया और उसके पति छोटू भी कार्यक्रम में आए थे।

शादी संपन्न होने के बाद करोड़ी छोटू और जोखू चले गए। शिवानी की सहेली गुड़िया यहीं पर रुक गई। घर में नई नवेली दुल्हन आने की खुशियों में शादी के 7वे दिन परिवार के लोगों ने बहुभोज कार्यक्रम रखा था। कार्यक्रम के दिन पति और परिवार के कुछ अन्य सदस्य घर के बाहर आमंत्रित मेहमानों को भोजन खिला रहे थे। इसी बीच शिवानी और उसकी सहेली ने मिलकर घर के पांच सदस्यों को नशीला पदार्थ खिला दिया। जिससे सभी लोग बेहोश हो गए। दुल्हन शिवानी अपनी सहेली के साथ नगदी जेवरात लेकर फरार हो गई।

मेहमानों को खाना खिलाने के बाद जब पति बृजभूषण पांडे घर में गया तो उसके होश उड़ गए परिवार के लोग बेहोशी की हालत में फर्श पर पड़े थे। कमरे का सामान बिखरा हुआ था। तत्काल उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खरगूपुर ले जाया गया जहां पर दो दिन इलाज के बाद उनकी हालत सामान्य हुई। खरगूपुर पुलिस ने इस मामले में पृथ्वी नाथ मंदिर के रहने वाले मध्यस्थ जोखू तथा लखीमपुर खीरी के थाना के गांव कारीपोखर की रहने वाली लुटेरी दुल्हन शिवानी उर्फ गोमती देवी उसके पति सुनील उर्फ करोड़ी और लखीमपुर खीरी के थाना कोतवाली नगर के गांव पिपरिया की रहने वाली उसकी सहेली गुड़िया तथा उसके पति छोटू को गिरफ्तार कर इन चारों के खिलाफ चोरी सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा लिखकर जेल भेज दिया है।

अपर पुलिस अधीक्षक बोले- दुल्हन समेत चारों आरोपी गिरफ्तार नगदी गहने जेवर बरामद
इस संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक राधेश्याम राय ने बताया कि खरगूपुर थाना क्षेत्र के रहने वाले बृजभूषण पांडे ने तहरीर दिया कि उसकी शादी जोखू नाम के एक व्यक्ति ने बीते 17 दिसंबर को पृथ्वी नाथ मंदिर में लखीमपुर खीरी की रहने वाली शिवानी के साथ कराया था। शादी में लखीमपुर खीरी से उसके साथ चार लोग और आए थे। शादी के सातवें दिन यानी 22 तारीख को उन लोगों ने परिवार के लोगों को कुछ जहरीला पदार्थ खिला दिया।

जिससे सभी लोग बेहोश हो गए। जो शादी करके दुल्हन आई थी। वह घर का सारा सामान लेकर फरार हो गई। पुलिस ने इस मामले में जोखू और दुल्हन सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया है। इसमें जोखू जहर खुरान रहा है। इसका आपराधिक इतिहास है। बृजभूषण पांडे की शादी नहीं हो रही थी। उसने जोखू से शादी करने के लिए कहा था। उसी का फायदा उठाकर सभी ने मिलकर घटना को अंजाम दिया। इसमें दुल्हन का परिवार लखीमपुर खीरी जनपद के रहने वाले है। पुलिस ने इस मामले में दुल्हन समेत चार सदस्यों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। तथा चोरी से ले गई सारा सामान भी बरामद कर लिया है।

Back to top button