नियमित किए जाने की मांग को लेकर जल शक्ति विभाग के कर्मचारी का फूटा गुस्सा, जल्द उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से मिलेगा शिष्टमंडल

नियमित किए जाने की मांग को लेकर जल शक्ति विभाग के दैनिक भाेगी कर्मियों का गुस्सा फूट पड़ा। मंगलवार को यह कर्मी गांधीनगर की सड़कों पर उतर आए। गोल मार्केट में धरना प्रदर्शन तो किया ही, वहीं जम्मू कश्मीर भाजपा प्रधान रविंद्र रैना के निवास का घेराव करने की ओर कूच कर गए। लेकिन पुलिस ने इनके इरादों को सफल नही होने दिया। जगह जगह अड़चनें डाली गई।

इसी बीच पुलिस व जल शक्ति विभाग के कर्मियों में कई बार धक्का मुक्की हुई। मगर पुलिस ने कर्मियों रैना के निवास स्थल की ओर नही बढ़ने दिया। दोनों दलों को तकरार चलती रही। इन कर्मियों को रोकने के लिए पुलिस का कड़ा पहरा था। आखिर में विधायक रविंद्र रैना को मौके पर आना पड़ा और इन कर्मियों को समझना पड़ा। उन्होंने सकारात्मक आश्वास दिया कि इंसाफ होगा। जल्दी ही जल शक्ति विभाग के शिष्टमंडल को उपराज्यपाल से मिलवाया जाएगा ताकि इन कर्मियों की परेशानियों का हल निकल सके। इस आश्वासन के बाद ही जल शक्ति विभाग के कर्मी अपने धरना प्रदर्शन कार्यक्रम से पीछे हटे। इससे पहले सुबह यह कर्मी पीएचई इंपलाइज यूनाइटेड फ्रंट के बैनर तले गोल मार्केट क्षेत्र में एकत्र हुए और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। इन कर्मियों की योजना थी कि भाजपा जम्मू कश्मीर के प्रधान रविंद्र रैना के निवास का घेराव किया जाए।

मौके पर संबोधित करते हुए होशियार सिंह चिब ने कहा कि हम मांग कर रहे हैं कि सरकार कर्मियों को नियमित करने की नीति बनाए। 20-20 साल पर कर्मी सेवाएं दे रहे हैं मगर आज तक उनको नौकरी पर नियमित नही किया गया है। केंद्र शासित प्रदेश में न्यूनतम वेतन को लागू कराया जाना चाहिए। वहीं कर्मियों का कई कई माह का वेतन बकाया है जिसको जारी नही किया जा रहा। ऐसे में पीएचई इंपलाइज यूनाइटेड फ्रंट आंदोलन करने के लिए विवश है। अगर मांगे पूरी नही हुई तो आंदोलन और तेज होगा। प्रदर्शन में नवनीत, बीरबल, सुग्रीव, होशियार सिंह, तेज सिंह भी उपस्थित थे।

Back to top button