योगिनी एकादशी पर इन चीजों से करें भगवान विष्णु का अभिषेक

ज्योतिषीय गणना के अनुसार, मंगलवार 02 जुलाई को योगिनी एकादशी है। यह पर्व जग के नाथ भगवान विष्णु को समर्पित होता है। इस दिन भगवान विष्णु संग मां लक्ष्मी की पूजा की जाती है। साथ ही एकादशी का व्रत रखा जाता है। इस व्रत के पुण्य-प्रताप से साधक के सभी बिगड़े काम बन जाते हैं। साथ ही जन्म-जन्मांतर में किए गए सारे पाप भी नष्ट हो जाते हैं। अतः साधक श्रद्धा भाव से एकादशी का व्रत रख भगवान विष्णु एवं मां लक्ष्मी की पूजा करते हैं। अगर आप भी जीवन में व्याप्त सभी प्रकार के दुख और संकट से निजात पाना चाहते हैं, तो योगिनी एकादशी पर इन चीजों से भगवान विष्णु का अभिषेक करें। आइए जानते हैं-

भगवान विष्णु का अभिषेक
योगिनी एकादशी पर सुबह उठें। अब सबसे पहले भगवान विष्णु और मां लक्ष्मी को प्रणाम करें। दैनिक कार्यों से निवृत्त होने के बाद गंगाजल युक्त पानी से स्नान करें। इसके बाद पीले वस्त्र धारण कर गंगाजल से भगवान विष्णु का अभिषेक करें। इस समय भगवान विष्णु को पीले पुष्प और तुलसी दल अर्पित करें।
अगर आप भगवान विष्णु को प्रसन्न करना चाहते हैं, तो योगिनी एकादशी तिथि पर स्नान-ध्यान के बाद पीले वस्त्र धारण कर गाय के कच्चे दूध में केसर मिलाकर भगवान विष्णु का अभिषेक करें। इस उपाय को करने से भगवान विष्णु शीघ्र प्रसन्न होते हैं। उनकी कृपा से जातक को मनोवांछित फल की प्राप्ति होती है।
अगर आप लक्ष्मी नारायण जी की कृपा पाना चाहते हैं, तो योगिनी एकादशी के दिन स्नान-ध्यान के बाद दक्षिणावर्ती शंख में गंगाजल भरकर भगवान विष्णु का अभिषेक करें। इस उपाय को करने से जातक के सभी बिगड़े काम बन जाते हैं।
जगत के पालनहार भगवान विष्णु की कृपा पाने और कुंडली में गुरु मजबूत करने के लिए योगिनी एकादशी पर गंगाजल में हल्दी मिलाकर भगवान विष्णु का अभिषेक करें। इस उपाय को करने से सोया हुआ भाग्य भी चमक उठता है।

Back to top button