मुकेश अंबानी जैसे दोस्त के साथ मिलकर अब कुछ बड़ा करेंगे: AIRTEL के बॉस सुनील मित्तल

नई दिल्ली: एक साल पहले जब Jio के जरिए मुकेश अंबानी ने नई शुरुआत की थी, उसी वक्त से सबसे करारे झटके का सामना कर रही भारती एयरटेल अब मिलकर साथ चलने को तैयार है। जी हां, बिल्कुल सही सुने… दोनों कंपनियों के बीच भले ही तगड़ा कॉम्पिटिशन चल रहा हो, लेकिन एयरटेल के टॉप बॉस, जियो के मुकेश अंबानी को अपना अच्छा दोस्त मानते हैं। इसका खुलासा आज खुद उन्होंने इंडिया मोबाइल कांग्रेस में किया।
मित्तल ने इंडिया मोबाइल कांग्रेस को संबोधित करते हुए कहा कि कॉम्पिटिशन के बावजूद Jio और Airtel बेहतर इकोसिस्टम तैयार करने में एकजुटता दिखा रही हैं। उन्होंने कहा, ‘मैं उम्मीद करता हूं कि मुकेश जैसे दोस्तों के साथ मिलकर हम भविष्य में कुछ बड़ा बनाएंगे।’
सुनील भारती मित्तल ने इस मौके पर विलियम वर्ड्सवर्थ की कविता द प्रील्यूड की पंक्तियां दोहराते हुए कहा- उस सुबह, जीवित रहना परमानंद था, लेकिन युवा रहना तो अलौकिक था। कविता की इस पंक्ति से लगा कि पिछले कुछ महीनों से एक दूसरे से आगे बढ़ने को आतुर इंडस्ट्री के दो दिग्गजों के बीच सुलह में ज्यादा देर नहीं। Jio की पैरंट कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने भी अपने भाषण में मित्तल को अच्छा दोस्त बताया। मित्तल ने अंबानी के इस बयान की सराहना की कि इंडिया को दिग्गज टेलिकॉम प्लेयर बनाने के लिए साथ काम करना जरूरी है।
केंद्र सरकार ने सरकारी डॉक्टरों को दिया बड़ा तोहफा, रिटायरमेंट की उम्र होगी 65 साल
अंबानी ने कहा, ‘हमें साथ आना होगा। कस्टमर्स के फायदे के लिए सीधे कॉम्पिटिशन में हैं, लेकिन हमें मिलकर इकोसिस्टम तैयार करना होगा। कॉमन टॉवर, फाइबर, सबमरीन केबल सबकुछ मिलकर किया जा रहा है। सैटलाइट प्रॉजेक्ट्स के रूप में खास तरह के एक्सपेरिमेंट हो रहे हैं।’ मित्तल जब बता रहे थे कि उनकी कंपनी ने इन्फ्रास्ट्रक्चर को बेहतर बनाने के लिए कितना इन्वेस्टमेंट किया है, तब उन्होंने यह भी कहा कि मुकेश भी बड़ा निवेश कर रहे हैं। मित्तल और अंबानी पिछले एक साल में पहली बार एक-दूसरे के प्रति इतने दोस्ताना नजर आए।





