दुनिया के बड़े कॉनट्रेक्ट इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरर कंपनी फॉक्सकॉन ने बेंगलुरु में जमीन का एक बड़ा हिस्सा खरीदा

ताइवान की इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनी फॉक्सकॉन ने बेंगलुरु के बाहरी इलाके में जमीन का एक बड़ा हिस्सा खरीदा है। एपल के बड़ी सप्लायर कंपनी ने हाल ही में यह नई जानकारी उपलब्ध करवाई। कंपनी ने कहा कि यह प्रोजेक्ट चीन से अलग प्रोडक्शन को बढ़ाने और विविधता लाने के लिए महत्वपूर्ण है।

मालूम हो कि फॉक्सकॉन दुनिया के बड़े कॉनट्रेक्ट इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरर में से एक है। यह एपल iPhone का एक प्रमुख असेंबलर भी है।

कंपनी के लिए खास होगा प्रोजेक्ट

दरअसल हाल ही के वर्षों में सख्त कोविड नीतियों और संयुक्त राज्य अमेरिका के साथ चल रहे राजनयिक तनाव के बाद दोनों कंपनियां चीन से दूर विविधता लाना चाह रही थीं। चीन में कंपनी की मैन्युफैक्चरिंग का सबसे बड़ा हिस्सा है। ऐसे में यह प्रोजेक्ट कंपनी के लिए बेहद खास माना जा रहा है।

कंपनी ने लंदन स्टॉक एक्सचेंज को दिए एक बयान में कहा कि है कि बेंगलुरु हवाई अड्डे के पास देवनहल्ली में 13 मिलियन वर्ग फुट का अधिग्रहण किया गया है। इसकी सहायक कंपनी फॉक्सकॉन होन हाई टेक्नोलॉजी इंडिया मेगा डेवलपमेंट साइट के लिए तीन अरब रुपये का भुगतान किया है।

कर्नाटक के मुख्यमंत्री एस बोम्मई ने भी दी थी जानकारी

हाल ही में कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज एस बोम्मई ने कहा था कि एपल राज्य में एक नए संयंत्र में जल्द ही आईफोन का निर्माण करेगा। इतना ही नहीं एपल की मदद से राज्य में लगभग 100,000 नौकरियां पैदा होंगी। हालांकि, मीडिया रिपोर्ट्स की ओर से मार्च महीने में ही यह दावा किया जा रहा था कि फॉक्सकॉन कर्नाटक में एक नए कारखाने में 700 मिलियन डॉलर का निवेश करने की योजना बना रहा है।

मालूम हो कि फॉक्सकॉन ने तमिलनाडु में अपने संयंत्र में 2019 से भारत में Apple हैंडसेट का निर्माण किया है। भारत में एपल के उपकरणों का निर्माण दो अन्य ताइवानी आपूर्तिकर्ता Wistron और Pegatron द्वारा भी किया जाता है।

भारत में एक बड़े यूजर ग्रुप को लुभाने का प्रयास

एपल भारत में अपने व्यापार को बढ़ाने के लिए काम कर रहा है। बीते महीने ही भारत में एपल के रिटेल स्टोर खोले गए। इस दौरान एपल के सीईओ टिम कुक भी भारत पहुंचे और पीएम मोदी से मुलाकात भी की। एपल के दोनों ही इवेंट भारत के लिए भी बेहद खास रहे थे। यूजर्स नए एपल स्टोर्स के लिए खासे उत्साहित थे। 

Back to top button