पूर्व मुख्यमंत्री डा फारूक अब्दुल्ला ने पाकिस्तान की स्थिति पर प्रतिक्रिया दी..

पाकिस्तान में पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की गिरफ्तारी के बाद स्थिति गंभीर है। हिंसा और प्रदर्शन से पाकिस्तान में स्थिति गंभीर बन गई है। इसी बीच बुधवार को नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री डा फारूक अब्दुल्ला ने पाकिस्तान की स्थिति पर प्रतिक्रिया दी है।

जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री और नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि हमारे लिए एक स्थिर पाकिस्तान जरुरी है। उन्होंने कहा कि अगर हमें भारतीय उपमहाद्वीप में शांति और स्थिरता का माहौल बनाए रखना है तो पाकिस्तान में हालात का सामान्य होना जरुरी है, वहां अस्थिरता और अराजकता का मतलब इस पूरे क्षेत्र में अशांति है। हम दुआ करते हैं कि पाकिस्तान में हालात ठीक हो।
अस्थिर पाकिस्तान हमारे लिए खतरनाक
फारूक अब्दुल्ला ने कहा कि पाकिस्तान हमारा हमसाया, हमारा पड़ोसी मुल्क है और हम दुआ करते हैं कि वह हालात ठीक हों ,पाकिस्तान की जनता को एक अच्छा और बेहतर माहौल मिले। दुर्भाग्य से भारत के लिए अस्थिर पाकिस्तान हमारे लिए खतरनाक है। हमें एक स्थिर पाकिस्तान चाहिए जो उपमहाद्वीप में शांति के लिए जरूरी है… हम उस देश के अच्छे होने की कामना करते हैं।
इमरान खान की गिरफ्तारी के बाद पाक में बवाल
पाकिस्तान में पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की गिरफ्तारी के बाद से देश के कई हिस्सों में हिंसा शुरू हो गई है। पाकिस्तान एंटी करप्शन एजेंसी ने इमरान खान को इस्लामाबाद हाई कोर्ट से ही गिरफ्तार कर लिया। इमरान अल-कादिर ट्रस्ट भ्रष्टाचार मामले के आरोप में अदालत में पेश हो रहे थे। इसके बाद से हिंसा शुरू हो गई और सड़कों पर जमकर विरोध प्रदर्शन हुए। समर्थकों और PTI के कार्यकर्ताओं ने लाहौर में कॉर्प्स कमांडर के घर पर भी हमला बोल दिया।
पाकिस्तान के इन शहरों में हिंसा
जियो न्यूज ने बताया कि पीटीआई कार्यकर्ताओं ने इस्लामाबाद, रावलपिंडी, लाहौर, कराची, गुजरांवाला, फैसलाबाद, मुल्तान, पेशावर और मर्दन सहित पूरे पाकिस्तान के शहरों में विरोध प्रदर्शन किया। कराची में नर्सरी के पास प्रदर्शनकारी पुलिस से भिड़ गए। उन्होंने पुलिस वाहनों पर पथराव किया और स्ट्रीट लाइटें भी फोड़ दीं। लगातार हिंसा से पाकिस्तान में बवाल मच गया है।





