सालों से बंद पड़ा था कॉलेज, देखने के लिए अंदर घुसा शख्स, बोतलों कैद रखे थे इंसान और जानवरों के अंग

इंसान हो या कोई निर्जीव चीज, जब समय की मार पड़ती है तो हर किसी का अस्तित्व खतरे में पड़ जाता है. आपने कई ऐसी इमारतें देखी होंगी, जो बरसों से बंद पड़ी रहती हैं. वहां कोई नहीं जाता, पर सालों पहले वो भी भीड़-भाड़ वाली जगहें हुआ करती थीं. हाल ही में एक शख्स अमेरिका की ऐसी ही एक इमारत में घुसा. ये सालों से बंद पड़ा एक कॉलेज (Man gets inside abandoned college) था, जहां छात्र साइंस की पढ़ाई किया करते थे. हालांकि, जब वो अंदर गया, तो उसे वहां पर बोतलों में बंद इंसान और जानवरों के शरीर के अंग नजर आए, जिसे देखकर उसकी रूह कांप उठी.
मिरर वेबसाइट की रिपोर्ट के अनुसार लेलैंड केंट (Leland Kent) एक अर्बन एक्सप्लोरर (Urban Explorer) हैं, यानी वो शख्स जो बंद पड़ी जगहों पर जाकर उसके बारे में जानने की कोशिश करते हैं. हाल ही में उन्होंने अपने सोशल मीडिया पर कुछ तस्वीरें डालकर बताया कि वो अमेरिका के साउथ ईस्ट हिस्से में एक अजीबोगरीब कॉलेज में गए जो सालों से बंद पड़ा था. यहां पर लोग विज्ञान की पढ़ाई करते थे. ये कॉलेज बीते 100 सालों से समुदाय की सेवा कर रहा था और छात्र यहां पर स्नातक की डिग्री लेने आते थे.
सालों से बंद पड़ा था कॉलेज
पर खराब मैनेजमेंट और आर्थिक परेशानियों की वजह से इस कॉलेज को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा. उसके बाद ये बंद होने की कगार पर आ गया. उन्होंने बताया कि यहां पर साइंस, एजुकेशन, बिजनेस आदि की पढ़ाई हुआ करती थी. स्कूल को प्रोबेशन पर रखा गया और अपनी गलतियों को सुधारने के लिए कुछ साल भी दिए गए. पर सालों के बढ़ते कर्ज, खराब मैनेजमेंट और गिरती रेपुटेशन की वजह से स्कूल पर ताला लगाना पड़ा. 10 सालों से ज्यादा समय से बिल्डिंग बंद है.
कॉलेज की लैब में दिखी अजीबोगरीब चीजें
शख्स जैसे ही इसकी इमारत में घुसा, उसे लाइब्रेरी में सैकड़ों बुक नजर आईं. खाली ऑफिस दिखाई दिए और चारों ओर पेपर फैले हुए थे. क्लास में भी सब कुछ अस्त-व्यवस्थ था. पर वो जैसे ही विज्ञान की प्रयोगशालाओं में गया, उसे जो दिखाई दिया, उसने उसके होश उड़ा दिए. उसे बोतल में क्लोरोफोम दिखा, कई महंगी साइंस से जुड़ी चीजें नजर आईं. एक लैब में उसे बोतल में बंद चूहा दिखा, जिसकी चमड़ी निकली हुई थी. इसके अलावा अन्य कांच के जार में उसे मेंढक, सांप, चिड़िया, टैरेंटुला, आदि भी नजर आए. पर सबसे ज्यादा उसे जिस चीज को देखकर हैरानी हुई, वो था इंसानी गर्भाशय, जिसे कांच के जार में रखा गया था.





