यूपी की जनता के लिए यमराज से भी लड़ जाऊंगा: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

अमरोहा। यूपी की खाली हुई 7 सीटों पर उपचुनाव को लेकर चुनाव प्रचार तेज हो गया है। वीरवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नौगांवा सादात सीट से बीजेपी प्रत्याशी संगीता चौहान के समर्थन में रैली की।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने विपक्षी पार्टियों पर जमकर हमला बोला। योगी ने कहा कि पहले गुंडे एक होकर जनता को लूटते थे, अब ऐसा नहीं है। हमारी सरकार में गुंडे-बदमाशों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। अपराधियों की संपत्ति जब्त हो रही है।

योगी ने कहा कि अपराधियों पर सख्त कार्रवाई को लेकर हमें धमकियां मिल रही हैं, जिसकी हमें परवाह नहीं है। यूपी की जनता के लिए यमराज से भी लड़ जाऊंगा। इस दौरान योगी ने कहा कि हमारी सरकार ने हर गरीब को मकान, शौचालय और नि:शुल्क स्वास्थ्य बीमा दिया है।

पुलिस में 20 प्रतिशत महिलाओं के लिए सीट की व्यवस्था की है। जिसकी वजह से आज नौजवान बेटियां पुलिस में भर्ती हो रही हैं। योगी ने जनता से वादा किया कि आप वोट दीजिए, विकास का जिम्मा हमारा है। प्रदेश में विकास और सुरक्षा हमारी जिम्मेदारी है।

Back to top button