पंजाब भाजपा के पांच नेताओं को धमकी: चंडीगढ़ कार्यालय पहुंची चिट्ठी..

पंजाब में आए दिन सरेआम लोगों पर जानलेवा हमला और नेताओं को जान से मारने की धमकी दी जा रही है। नया मामला पंजाब भाजपा के पांच बड़े नेताओं को जान से मारने की धमकी से जुड़ा है।

एक प्लास्टिक थैली में धमकी भरी चिट्ठी चंडीगढ़ स्थित पंजाब भाजपा कार्यालय में पहुंची है। इस चिट्ठी में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव मनजिंदर सिंह सिरसा, भाजपा सिख समन्वय समिति व राष्ट्रीय रेलवे कमेटी के सदस्य तेजिंदर सिंह सरां और भाजपा महासचिव परमिंदर बराड़ को जान से मारने की धमकी दी गई है। इसके अलावा इसमें भाजपा के प्रदेश संगठन महासचिव श्रीनिवासुलु का भी नाम है। वहीं पूर्व राज्यसभा सदस्य श्वेत मलिक को भी जान से मारने की धमकी मिली है। उन्हें तीन जुलाई को धमकी मिली थी। उन्होंने इसकी जानकारी अमृतसर के पुलिस कमिश्नर को दी है।

इस मामले में पंजाब भाजपा अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने डीजीपी गौरव यादव से बातचीत कर मामले की जांच करने की मांग की है। हालांकि यह चिट्ठी चंडीगढ़ स्थित कार्यालय में पहुंची है, ऐसे में सेक्टर-39 के एसएचओ ने कहा कि इस मामले में जांच शुरू कर दी है।

सिर पर पगड़ी बांध रखी है फिर आरएसएस के साथ क्यों
चिट्ठी में मुख्य रूप से आरोपी ने भाजपा नेता परमिंदर सिंह बराड़ और तेजिंदर सरां को लिखा है कि उसने पहले भी सोशल मीडिया पोस्ट के जरिये आपको चेतावनी दी थी कि आप लोगों ने अपने सिर पगड़ी में बांध रखी हैं। आप भाजपा और आरएसएस के साथ मिलकर सिखों और पंजाब के लोगों को धोखा दे रहे हैं। आप आरएसएस के साथ सिख मामलों में दखल दे रहे हैं, हमने आपको पहले भी चेतावनी दी थी। आप या तो भाजपा छोड़ दें या हम आपको इस दुनिया से उठा देंगे।

नेताओं को भाजपा छोड़ने की दी धमकी
इस चिट्ठी में अज्ञात ने चारों नेताओं को भाजपा छोड़ने की धमकी दी है। अगर ये नेता भाजपा छोड़ सिख समुदाय के हितों को लेकर अन्य रास्ता नहीं अपनाते हैं तो इसके परिणाम भुगतने के लिए तैयार रहने के लिए कहा गया है। चिट्ठी में अज्ञात आरोपी ने खालिस्तान और पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लिखे हैं। धमकी भरा लेटर मिलने के बाद बीजेपी नेताओं ने इस बारे में चंडीगढ़ पुलिस को शिकायत दी है। इसके बाद पुलिस ने पत्र में मिली सामग्री को जांच के लिए भेज दिया है। चंडीगढ़ के भाजपा नेता और नगर निगम में सीनियर डिप्टी मेयर कुलजीत सिंह संधू को भी पिछले दिनों कुछ धमकियां मिली थी।

Back to top button