हज यात्रा के लिए यात्रियों का पहला जत्था रवाना

हज यात्रा 2024 के लिए यात्रियों का पहला जत्था आईजीआई हवाई अड्डे से रवाना हो गया। दिल्ली राज्य हज समिति की अध्यक्ष कौसर जहां ने कहा कि आज, हज 2024 की पहली उड़ान 285 यात्रियों के साथ सुबह 2.20 बजे मदीना के लिए रवाना होगी। मैं उन सभी को बधाई देती हूं।

वहीं, विदेश मंत्रालय में सचिव मुक्तेश के परदेसी ने सऊदी अरब की अपनी हालिया यात्रा के दौरान इस साल के हज की तैयारियों की समीक्षा की और दोनों पक्षों के बीच सहयोग को मजबूत करने के लिए कई मंत्रियों के साथ बैठकें कीं।

विदेश मंत्रालय ने हज की तैयारियों की समीक्षा की
विदेश मंत्रालय ने बुधवार को एक बयान में कहा कि राजनयिक, पासपोर्ट, वीजा और प्रवासी भारतीय मामले के सचिव की यात्रा के दौरान भारत और सऊदी अरब और खाड़ी सहयोग परिषद (जीसीसी) के बीच संबंधों की गहनता को रेखांकित किया।

विदेश मंत्रालय में सचिव मुक्तेश के परदेसी ने सऊदी अरब की यात्रा के दौरान की चर्चा
मंत्रालय ने कहा कि परदेसी ने 4-7 मई तक सऊदी अरब की आधिकारिक यात्रा संपन्न की, जिसका उद्देश्य भारत और सऊदी अरब के बीच रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करना था। बयान के अनुसार, अपनी यात्रा के दौरान उन्होंने जेद्दा और मदीना में हज, 2024 की तैयारियों की समीक्षा की।

परदेसी ने उप हज मंत्री अब्दुल फतह मशात से मुलाकात की और हजयात्रियों के लिए बेहतर सुविधाओं के संबंध में चर्चा की। बयान में कहा गया कि इस साल हज कोटा के तहत कुल 1,75,025 भारतीय हज यात्री सऊदी अरब जाएंगे।

Back to top button