महाराष्ट्र: जाति सूचक टिप्पणी करने पर सलमान और शिल्पा के खिलाफ एफआइआर
मुंबई। अभिनेता सलमान खान हमेशा विवादों में घिरे रहते हैं। एक तरफ उनकी नई फिल्म ‘टाइगर जिंदा है’ को पहले ही दिन बाक्स आफिस पर बंपर ओपनिंग मिली, तो वाल्मीकि समाज के खिलाफ कथित टिप्पणी को लेकर देश के कई हिस्सों में उनके खिलाफ प्रदर्शन भी हुए हैं। मुंबई में सलमान के खिलाफ केस भी दर्ज कराया गया है। सलमान के साथ साथ अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी के खिलाफ अंधेरी थाने में एफआइआर दर्ज कराई गई है। यह मामला रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया के स्थानीय नेता नवीन रामचंद्र लाड़ी ने दर्ज कराया है।

‘टाइगर जिंदा है’ के प्रमोशन के लिए सलमान खान एक टीवी शो में हिस्सा लेने गए थे। कथित तौर पर उन्होंने वहां टिप्पणी की। सोशल मीडिया पर शिल्पा शेट्टी को लेकर एक वीडियो वायरल हो रहा है। उन्होंने भी वाल्मीकि समाज को लेकर अमर्यादित शब्द का इस्तेमाल किया है। वाल्मीकि समाज के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी को लेकर राखी सावंत भी फंस चुकी हैं।
पंजाब में उनके खिलाफ केस चल रहा है। राखी सावंत माफी मांग चुकी हैं। वाल्मीकि समाज के नेता सलमान और शिल्पा से भी बिना शर्त माफी मांगने की मांग कर रहे हैं। राजस्थान में जयपुर सहित कई दूसरे शहरों में ‘टाइगर जिंदा है’ के शो में बाधा पहुंचाई गई। सलमान की मीडिया टीम के अनुसार, सलमान ने विवाद पर कोई टिप्पणी करने से मना कर दिया है। शिल्पा की मीडिया टीम ने भी कमेंट करने से मना कर दिया है।





