पिता ने नहीं चुकाया कर्ज तो तीन महीनों तक जंजीरों से जकड़ बेटी पर ढाए जुल्म
भोजपुर। करे कोई और भरे कोई और। यह कहावत गुरुवार को तब चरितार्थ होती दिखी जब पिता द्वारा लिए गए कर्ज की वसूली के लिए लोहे की जंजीर में बंधक बनाकर रखी गयी नाबालिग पुत्री को पुलिस ने गुरुवार को बिहिया थाना क्षेत्र के टिपुरा गांव से बरामद किया। थाना परिसर में ही उसे जंजीर काटकर मुक्त किया गया। इस दौरान आरोपित तो भाग निकले पर जंजीर बनाने वाले कारीगर को पुलिस ने दबोच लिया। बरामद नाबालिग लड़की बिहिया के टिपुरा कॉलोनी की रहने वाली है। पूछताछ के दौरान जब उसने अपने पर हुए जुल्म की कहानी बयां कि तो सभी दंग रह गए।
कर्ज वसूली का दबाव बनाने के लिए लड़की को बनाया बंधक
जानकारी के अनुसार, लड़की के पिता ने पड़ोसी केपी खरवार से कर्ज लिया था। पर गरीबी के कारण उसे लौटा नहीं पा रहा था। इधर कर्ज वसूली का दबाव बढऩे पर वह अपनी पत्नी व एक पुत्र को लेकर कही भाग गया, जबकि केपी खरवार और उसकी पत्नी आरती देवी ने उसकी बेटी को कर्ज वसूली के बदले बंधक बना लिया। इसके बाद पिछले तीन माह से वह बंधक थी।
दिनभर कराते थे काम, रात में लगा देते थे जंजीर
लड़की ने बताया कि दिन भर काम कराने के बाद रात में उसे लोहे की जंजीर में जकड़ दिया जाता था ताकि वह भागने न पाए। रात में एक टाइम खाना दिया जाता था। उसका बाल काट कर छोटा कर दिया गया था और तरह-तरह से प्रताडि़त किया जाता था।
हकीकत जान चकित रह गए लोग
गुरुवार की सुबह मौका मिलते ही लड़की जंजीर सहित भाग कर गांव में पहुंच गयी। इस दौरान नजर पड़ते ही काफी संख्या में स्थानीय लोग जुट कर पूछताछ करने लगे। हकीकत का पता चलते ही लोग चकित रह गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किशोरी को बरामद कर लिया
माैका देख फरार हो गए आरोपित
इधर, मौका देख आरोपित केपी खरवार अपनी सह आरोपी पत्नी आरती देवी के साथ घर से फरार हो गया। जबकि, पुलिस ने किशोरी को जकड़ कर रखने के लिए जंजीर बनाने वाले कारीगर राम भरण शर्मा को तत्काल गिरफ्तार कर लिया।





