दिल्ली के गाजीपुर, टिकरी और सिंघु बॉर्डर से आने-जाने वाली हर गाड़ी की चेकिंग की जा रही…

दिल्ली के जंतर-मंतर पर डटे पहलवानों को समर्थन देने के लिए कई किसानों ने दिल्ली में घुसने की कोशिश की तो पुलिस ने उन्हें सीमावर्ती इलाकों में रोक दिया। इन सब के बीच भारतीय किसान यूनियन के नेता और राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत पहलवानों को समर्थन देने के लिए जंतर-मंतर पहुंचे। जंतर-मंतर पर खाप पंचायत का ऐलान पहले ही किया गया था। कई लोगों के धरनास्थल पर पहुंचने की संभावना को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने पूरे शहर में सुरक्षा कड़ी कर दी थी। इसके अलावा पहलवानों के प्रदर्शनस्थल के पास भी अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।

इस बात की उम्मीद है कि सैकड़ों किसान दिल्ली के विभिन्न बॉर्डरों से होते हुए इस महापंचायत में शामिल होने के लिए जंतर-मंतर पर आ सकते हैं और पहलवानों को अपना समर्थन दे सकते हैं। अलग-अलग जगहों से किसानों ने जंतर-मंतर की तरफ कूच किया। इसकी वजह से दिल्ली के बॉर्डर इलाकों में ट्रैफिक जाम की समस्या भी खड़ी हो गई। कई वाहन घंटों तक जाम में फंसे रहे। गाजीपुर, टिकरी और सिंघु बॉर्डर से आने-जाने वाली हर गाड़ी की चेकिंग की जा रही है। जो वीडियो सामने आए हैं उसमें नजर आ रहा है कि बॉर्डर इलाके में गाड़ियां सड़कों पर रेंग रही हैं।
संयुक्त किसान मोर्चा ने शनिवार को पहलवानों समर्थन देने का ऐलान किया था और इसके साथ ही उन्होंने Wrestling Federation of India (WFI)के चीफ बृजभूषण शरण सिंह की गिरफ्तारी की मांग भी उठाई थी। एसकेएम की तरफ से कहा गया था कि पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और पश्मिी उत्तर प्रदेश से मोर्चा के कई नेता रविवार को जंतर-मंतर पर जुटेंगे। इसके साथ ही एसकेएम ने कई महिला पहलवानों के साथ यौन प्रताड़ना के आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की मांग भी उठाई थी।
किसान संगठन के इस ऐलान के बाद से पुलिस सीसीटीवी के जरिए भी प्रदर्शन स्थल की निगरानी कर रही है। सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता किया गया है ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके। पुलिस की तरफ से कहा गया है कि जंतर-मंतर पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। सीसीटीवी से निगरानी की जा रही है और धरनास्थल पर आने वाले हर शख्स की तलाशी भी ली जा रही है। इसके अलावा प्रदर्शन स्थल से पहले कई स्थानों पर और विभिन्न सीमावर्ती इलाकों में बैरिकेडिंग भी की गई है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया है कि हमने गाजीपुर, सिंघु और टिकरी बॉर्डर पर पेट्रोलिंग बढ़ा दी है और जबरदस्त चेकिंग भी चल रही है।





