एरिक गार्सेटी ने कहा कि मुंबई यात्रा के दौरान महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री द्वारा परोसा गया वड़ा पाव उन्हें काफी अच्छा लगा..

भारत में अमेरिका के राजदूत एरिक गार्सेटी ने बुधवार को कहा कि मुंबई यात्रा के दौरान महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे द्वारा परोसा गया वड़ा पाव उन्हें काफी अच्छा लगा। मीडिया से बात करते हुए गार्सेटी ने कहा, हे भगवान, यहां मिलने वाला वड़ा पाव कहीं और से बहुत बेहतर है, इसे मुख्यमंत्री ने मुझे स्वयं परोसा।

‘दुनिया में एक प्रमुख ताकत के रूप में उभर रहा भारत’

भारत में अमेरिका के राजदूत एरिक गार्सेटी ने कहा कि अमेरिका में मौजूद जब मेरी पत्नी ने इस बारे में पूछा तो मैंने सिर्फ इतना कहा कि भरपूर, वड़ा पाव मैंने खूब खाया। इस दौरान उन्होंने कहा कि भारत दुनिया में एक प्रमुख ताकत के रूप में उभर रहा है। मैं पिछले तीन दशकों में भारत की प्रगति से प्रभावित हूं।

‘पाकिस्तान की मौजूदा स्थिति को लेकर चिंतित है अमेरिका-भारत’

उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की मौजूदा स्थिति को लेकर अमेरिका और भारत चिंतित हैं। उम्मीद है कि पाकिस्तान में अशांति का माहौल नहीं होगा। गार्सेटी ने कहा कि मुंबई की अपनी यात्रा के दौरान उन्होंने प्रमुख सांस्कृतिक, वित्तीय और व्यावसायिक हस्तियों के साथ भारत-अमेरिका साझेदारी को मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की। इस बीच गार्सेटी ने अभिनेता शाह रुख खान से उनके आवास मन्नत में मुलाकात की। अपनी इस यात्रा के दौरान वह राज्यपाल रमेश बैस से भी मिले।

‘वैश्विक स्वास्थ्य और विकास चुनौतियों का कर रहे हैं सामना’

गार्सेटी ने कहा-हम संयुक्त रूप से वैश्विक स्वास्थ्य और विकास चुनौतियों का सामना कर रहे हैं, जलवायु परिवर्तन का सामना कर रहे हैं। हम दुनिया को दिखा रहे हैं कि कैसे अमेरिका और भारत एक साथ मिलकर बेहतर काम कर रहे हैं।

Back to top button