नवंबर में EPFO ने जोड़े 13.95 लाख नए मेंबर

नई दिल्लीः कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने नवंबर 2023 में शुद्ध रूप से 13.95 लाख नए सदस्य जोड़े हैं। ईपीएफओ ने आज यानी शनिवार को ताजा पेरोल आंकड़े जारी किए हैं। श्रम मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि बीते वित्त वर्ष के मुकाबले चालू वित्त वर्ष में सदस्यों की संख्या ज्यादा बनी हुई है। ईपीएफओ (कर्मचारी भविष्य निधि संगठन) के अनंतिम पेरोल आंकड़ों के मुताबिक, निकाय ने नवंबर में शुद्ध रूप से 13.95 लाख सदस्य जोड़े हैं। आंकड़ों से पता चलता है कि समीक्षाधीन महीने के दौरान लगभग 7.36 लाख नए सदस्य शामिल हुए हैं।

महिलाओं की संख्या बढ़ी
इस दौरान जोड़े गए कुल नए सदस्यों में 18-25 आयु वर्ग ही हिस्सेदारी 57.30 प्रतिशत है। इससे पता चलता है कि देश के संगठित क्षेत्र के कार्यबल में शामिल होने वाले अधिकांश सदस्य युवा हैं। आंकड़ों के मुताबिक समीक्षाधीन महीने में ईपीएफओ की योजनाओं से बाहर चले गए लगभग 10.67 लाख सदस्य वापस आ गए। बयान के मुताबिक जोड़े गए 7.36 लाख नए सदस्यों में लगभग 1.94 लाख महिला सदस्य हैं, जो पहली बार ईपीएफओ में शामिल हुई हैं। समीक्षाधीन माह में कुल 2.80 लाख महिलाएं ईपीएफओ की योजनाओं में शामिल हुईं।

इन शहरों से शामिल हुए ज्यादा लोग
सबसे अधिक सदस्य महाराष्ट्र, तमिलनाडु, कर्नाटक, हरियाणा और दिल्ली में शामिल हुए। महाराष्ट्र 21.60 प्रतिशत शुद्ध सदस्य वृद्धि के साथ सबसे आगे रहा है।

आधार कार्ड मान्य नहीं
कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने घोषणा करके बताया है कि अब जन्मतिथि को वेरिफाई करने के लिए आधार कार्ड मान्य नहीं होगा। ईपीएफओ ने आधार को डेट ऑफ बर्थ वेरिफाई करने की लिस्ट से बाहर कर दिया है। ईपीएफओ भारत सरकार के श्रम एवं रोजगार मंत्रालय का हिस्सा है। यह कदम ईपीएफओ ने भारतीय विशिष्ठ पहचान प्राधिकरण (UIDAI) के निर्देश के बाद उठाया है।

यूआईडीएआई की ओर से ही आधार को जारी किया जाता है। अब आपको ईपीएफओ में जन्मतिथि को वेरिफाई कराने के लिए आधार की जगह कोई दूसरा दस्तावेज उपलबध कराना होगा।

Back to top button