यूपी चुनाव2017: भाजपा के लिए वोट मांगने निकले मोदी सरकार के मंत्री
केंद्रीय मंत्री उमा भारती, स्मृति ईरानी और राजनाथ सिंह जैसे दिग्गज केंद्रीय मंत्री सभाकर कर अपनी पार्टी के प्रत्याशियों के लिए वोट का जुगाड़ करने में लगे हैं।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में विधानसभा के तीसरे चरण का प्रचार थमने के बाद भाजपा अगले चरण के लिए अभियान तेज कर दिया है। बड़ी संख्या में केंद्रीय मंत्री मतदाताओं को रिझाने में लगे हैं।
केंद्रीय मंत्री उमा भारती, स्मृति ईरानी और राजनाथ सिंह जैसे दिगगज नेता सभाकर अपनी पार्टी के प्रत्याशियों के लिए वोट की अपील करने में लगे हैं। कानून व्यवस्था को लेकर अखिलेश सरकार सबके निशाने पर हैं। नोटबंदी समेत मोदी सरकार के कुछ काम लोगों के बीच उपलब्धियों के रूप में गिनाएं जा रहे हैं।
यूपी की कानून व्यवस्था खराब: स्मृति ईरानी
केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा कि भाजपा सरकार बनेगी तो गरीब छात्रों को आगे की शिक्षा के लिए भीमराव अंबेडकर कोष के जरिए पांच सौ करोड़ की मदद दी जाएगी। उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था पर भी तंज कसा। वह शनिवार को भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में शहर उत्तरी स्थित नेतराम चौराहे पर सभा को संबोधित कर रही थीं।
सरकार बनने से यूपी का विकास तेज होगा : महेश शर्मा
बस्ती के कप्तानगंज में केंद्रीय मंत्री महेश शर्मा ने आज चुनावी जनसभाओं में कहा कि हम समाज को जोड़ रहे है और विरोधी समाज को बांट रहे हैं। इसे रोकना होगा। उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार बनते ही विकास की गति तेज होगी।
भ्रष्टाचार और भ्रष्टाचारी खुद मिल जाएंगे। नरेंद्र मोदी के विकास का स्वप्न फलीभूत करना चाहते हैं। बेटियों के लिये कल्याणकारी योजना बनाई गई हैं। नोट बंदी ने बेइमानों की कमर तोड़ दी है।
लक्ष्मी साइकिल पर नहीं कमल पर आतीः राजनाथ
जालौन में केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि सपा-बसपा में उत्तर प्रदेश में बहुत कीचड़ फैला रखा है। भाजपा का कमल उसी कीचड़ में खिलने जा रहा है। लक्ष्मी कभी हाथी या साइकिल पर बैठकर नहीं आती लक्ष्मी हमेशा कमल पर बैठकर आती है। इसके साथ ही भाजपा प्रत्याशियों के लिए राजनाथ सिंह ने वोट मांगे और मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाई।
साथ ही सरकार बनने पर युवाओं को रोजगार देने का वादा किया। मंत्री ने कहा कि 14 वर्ष में सपा, बसपा सरकारों ने अव्यवस्था फैला दी है। नहरों में पानी नहीं आ रहा और गांवों तक पहुंचने के लिए पक्की सड़कें नहीं हैं। कानून व्यवस्था का हाल बेहाल है और प्रदेश के कैबिनेट मंत्री पर दुष्कर्म मुकदमा दर्ज हो गया है।