ओडिशा में भीषण बारिश के चलते सरकार ने लिए बड़ा फैसला, महिलाओं को मुफ्त में मिलेगा…

ओडिशा में भीषण बारिश के चलते बाढ़ के हालात बन गए हैं। लगातार बारिश के कारण राज्य की नदियां उफान पर हैं। जहां एक ओर सैकड़ों गांव जलमग्न हैं, वहीं हजारों हेक्टेयर में लगी फसलें बर्बाद हो गई हैं। इसी बीच ओडिशा सरकार ने बाढ़ प्रभावित जिलों के कलेक्टरों से कहा है कि वे प्रभावित गांवों में लड़कियों और महिलाओं को सेनेटरी पैड मुफ्त में वितरित करें।

स्वच्छता उपायों के साथ चिकित्सा देखभाल आवश्यक
दरअसल, ओडिशा सरकार की तरफ जारी किए एक बयान में कहा गया है कि बाढ़ में फंसीं महिलाओं और लड़कियों के लिए स्वच्छता उपायों के साथ-साथ उचित चिकित्सा देखभाल आवश्यक है। इसलिए कृपया सीडीएमओ को निर्देश दें कि आपातकालीन स्वच्छता उपायों के रूप में सेनेटरी पैड की खरीद करें और वंचित क्षेत्रों में महिलाओं और लड़कियों को वितरित करें।

बाढ़ प्रभावित जिलों के कलेक्टरों को पत्र लिखा
आगे यह भी कहा गया कि इस तरह के खर्च की लागत एसडीआरएफ की तरफ से एसआरसी द्वारा वहन की जाएगी। ओडिशा सरकार के विशेष राहत आयुक्त प्रदीप जेना ने 10 बाढ़ प्रभावित जिलों के कलेक्टरों को पत्र लिखा है। जिनमें खोरधा, पुरी, कटक, केंद्रपाड़ा, जगतसिंहपुर, नयागढ़, बालासोर, भद्रक, बौध और क्योंझर शामिल हैं।

सुवर्णरेखा नदी बेसिन पर बाढ़ की स्थिति गंभीर
इस बीच सुवर्णरेखा नदी बेसिन पर स्थित बालासोर और मयूरभंज जिले में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है और उन जिलों के सात ब्लॉकों के सैकड़ों गांव सुवर्णरेखा के बढ़ते पानी से प्रभावित हैं। झारखंड में गलुडीह बैराज के साथ सुवर्णरेखा नदी पर 6 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया, यह बालासोर के राजघाट इलाके में खतरे के निशान से ऊपर बह रहा है।

सात लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए
ओडिशा में भीषण बाढ़ की भयावहता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि बालासोर और मयूरभंज के जिला प्रशासन ने सुवर्णरेखा और बैतरणी नदी में बाढ़ से निपटने के लिए निचले इलाकों में बड़े पैमाने पर निकासी अभियान शुरू किया है। उन्होंने कहा कि राज्य पहले से ही लगातार बारिश के कारण महानदी में बाढ़ के प्रभाव से जूझ रहा है, जिससे सात लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं, जिनमें से लगभग पांच लाख अब भी 763 गांवों में फंसे हुए हैं।

Back to top button