जम्मू में चालकों का प्रदर्शन, पेट्रोल पंपों पर बढ़ी भीड़

केंद्र सरकार के नए हिट एंड रन कानून के खिलाफ जम्मू में मंगलवार को दूसरे दिन भी चालक और ट्रांसपोर्ट से जुड़े संगठनों का प्रदर्शन जारी है। इस कानून के खिलाफ जम्मू वेयर हाउस से लेकर विक्रम चौक तक मार्च निकाला गया। जम्मू-कठुआ रूट पर के निजी बस चालक हड़ताल पर हैं। इससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उधर, आयल एंड एलपीजी ट्रक ड्राइवर यूनियन की तरफ से भी हड़ताल का आह्वान किया गया है। इसके कारण कई जगह पर फ्यूल की सप्लाई प्रभावित हुई है। सोमवार को 1500 टैंकर रवाना नहीं हुए। इससे लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया है। कुछ पेट्रोल पंपों पर ‘आउट ऑफ स्टॉक’ के बोर्ड लगने शुरू हो गए हैं। जिसके चलते लोगों में असमंजस की स्थिति बन गई है।
जम्मू के नरवाल में आयल एंड एलपीजी ट्रक ड्राइवर यूनियन की ओर से हड़ताल जारी है। चालकों ने हिट एंड रन मामले में दस साल सजा और दस लाख रुपये जुर्माने के फैसले पर विरोध जताया। यूनियन अध्यक्ष रंजीत सिंह ने कहा कि फैसला जबरन थोंपा जा रहा है। आए दिन दुर्घटनाएं होती हैं। मुआवजा राशि चालक कहां से भरेंगे। कई बार तो लोगों की लापरवाही के कारण हादसे होते हैं। ऐसे में सरकार राहत दे।
वेयरहाउस में जम्मू-कठुआ रूट पर बसों के चालक राज कुमार, विजय कुमार, रूप चंद ने कहा कि कानून में कई खामियां हैं। चालकों को कामकाज बंद रखने के लिए विवश किया जा रहा है। अब दुर्घटना होने पर चालक ही दोषी होगा। फैसले पर विचार किया जाना चाहिए।