अमेरिका ने उत्तर कोरिया सहित 8 देशों के यात्रा पर लगाया बैन

वॉशिंगटन: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने उत्तर कोरिया समेत आठ देशों के नागरिकों पर यात्रा प्रतिबंध लागू करने का नया आदेश जारी किया है. मूल यात्रा प्रतिबंध का विस्तार करते हुए इसके दायरे में आने वाले देशों की सूची में और देशों को शामिल किया गया है. आलोचकों ने उनके यात्रा प्रतिबंध को ‘मुस्लिमों पर प्रतिबंध’ करार दिया था. ट्रंप का विवादित आव्रजन आदेश, जिसके दायरे में छह मुस्लिम बहुल राष्ट्र थे, वह खत्म होने जा रहा है. इससे पहले ही ट्रंप नया यात्रा प्रतिबंध ले आए हैं. यह नया नियम 18 अक्तूबर से प्रभावी होगा. जिन देशों पर यह लागू होगा उसमें ईरान, लीबिया, सोमालिया, सीरिया और यमन पहले से शामिल है. लक्षित देशों की इस सूची में अब उत्तर कोरिया, वेनेजुएला और चाड का नाम भी डाल दिया गया है.

ट्रंप का मूल यात्रा प्रतिबंध उनके राष्ट्रपति बनने के बाद शुरुआती दिनों में कार्यकारी आदेश के रूप में लाया गया था. हालांकि अब नई सूची से सूडान का नाम हटा दिया गया है. इसके अलावा ईराक के नागरिकों को अब व्यापक प्रतिबंध का सामना नहीं करना पड़ेगा लेकिन अतिरिक्त जांच का सामना जरूर करना होगा.

जर्मनी में आम चुनाव के मतदान में 63 वर्षीय एंजेला मर्केल को चौथी बार मिली देश की कमान

ट्रंप ने कहा, ‘‘आंतरिक सुरक्षा विभाग द्वारा गहन समीक्षा के बाद हम अमेरिका में प्रवेश के लिए सुरक्षा संबंधी न्यूनतम आधार सीमा स्थापित करने की दिशा में आज कदम उठा रहे हैं. यह अमेरिकी लोगों की सुरक्षा और बचाव के लिए जरूरी है.” उन्होंने कहा, ‘‘पहले की नाकाम नीतियों को जारी रखना हमारे देश के सामने एक अस्वीकार्य खतरा पैदा करना है. मेरा सबसे बड़ा दायित्व अमेरिकी लोगों की सुरक्षा और बचाव सुनिश्चित करना है. यात्रा संबंधी नया आदेश जारी करते हुए मैं उस दायित्व को पूरा कर रहा हूं.’’

Back to top button