डॉलर तस्करी : यूएई दूतावास के कर्मचारी को आरोपी बनाने की कोर्ट से इजाजत मांगी

नई दिल्ली। केरल में कोच्चि की एक अदालत (आर्थिक अपराध) ने गुरुवार को सीमा शुल्क विभाग के उस आवेदन को विचारार्थ स्वीकार कर लिया है, जिसमें विभाग ने डॉलर तस्करी के मामले में संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के दूतावास में कार्यरत मिस्र के नागरिक खालिद मुहम्मद अली शौकरी को आरोपी बनाने की अनुमति मांगी थी। सीमा शुल्क विभाग के इस आवेदन पर 9 नवंबर को सुनवाई होगी।
बता दें कि केरल में सोना तस्करी मामले की जांच के दौरान डॉलर तस्करी करने का मामला भी सामने आया था। सीमा शुल्क विभाग के मुताबिक, केरल सोना तस्करी मामले में आरोपी स्वप्ना ने केरल से विदेश में गैर कानूनी तरीके से 1,90,000 डॉलर की तस्करी की। इसके लिए उसने केरल स्थित संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के वाणिज्य दूतावास के अपने पहचान पत्र का इस्तेमाल किया।
5 जुलाई को तिरुअनंतपुरम हवाई अड्डे पर पकड़े गए 30 किलो सोना मामले की सीमा शुल्क विभाग, राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) जैसी केंद्रीय एजेंसियां जांच कर रही हैं। इस मामले में स्वप्ना सुरेश, सरित पीएस और केरल के मुख्यमंत्री के मुख्य सचिव रहे शिवशंकर को भी गिरफ्तार किया गया है।





