जनादेश का मजाक न उड़ाएं अखिलेश, पहले कुनबे की कलह निपटाएं: बीजेपी नेता

लखनऊ. भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ महेंद्र नाथ पांडेय ने अखिलेश यादव को आइना दिखाते हुए कहा कि उन्होंने पांच साल के दौरान वह नहीं कर सके, जो योगी सरकार ने छह महीने में कर दिखाया है. प्रदेश की पिछली सरकारों के दस सालों के कार्यकाल पर अखिलेश की टिप्पणी को भाजपा नेता ने हार की हताशा करार दिया.

उन्होंने कहा कि अखिलेश सरकार ने प्रदेश की जनता के हित में काम करने की जगह भ्रष्टाचार किया. लोग भी पिछली सरकारों के इन कारनामों से परेशान थे और इन जनाकांक्षाओं को देखते हुए योगी सरकार ने श्वेत पत्र जारी किया. भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पिछली सरकारों के कारनामों से उकताकर ही लोगों ने भाजपा को प्रचंड बहुमत दिया. हार की हताशा में अखिलेश लोगों के जनादेश का भी मजाक उड़ा रहे हैं.

लखनऊ: नरेश उत्तम बने प्रदेश अध्यक्ष, तो अखि‍लेश ने कही ये बात…

उन्होंने कहा कि अखिलेश सरकार ने एक्सप्रेस वे और मेट्रो का लोगों को सपना दिखाया और आधे-अधूरे इन प्रोजेक्ट का उद्घाटन कर लोगों को बेवकूफ बनाने का काम किया. उन्होंने अखिलेश के कार्यकाल में किसानों की बदहाली की बात भी कही. योगी सरकार ने जहां मेट्रो के काम को पूरा करा जनता को इसमें सवारी करने का काम कर दिखाया, वहीं किसानों की कर्जमाफी कर उनकी स्थिति भी सुधारने का काम छोटे से कार्यकाल में किया.

यह सब अखिलेश यादव पचा नहीं पा रहे हैं. उन्होंने सपा सरकार के दौरान खस्ताहाल कानून व्यवस्था को पटरी पर लाने का श्रेय योगी सरकार को दिया. उन्होंने अपनी सरकार के दौरान हुए भ्रष्टाचार और जंगलराज के अलावा जनता के साथ की गई नाइंसाफी के लिए अखिलेश से प्रायश्चित करने की बात कही. उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता यह सब भूली नहीं है.

Back to top button